मुख्यमंत्री ग्राम उत्कर्ष योजना : गांवों में इस वर्ष अधोसंरचना विकास के लिए पांच करोड़ रूपए के कार्य होंगे
रायपुर 27 अगस्त 2010
मुख्यमंत्री ग्राम उत्कर्ष योजना के तहत इस वर्ष प्रदेश के तीन जिलों रायपुर, दुर्ग और जांजगीर-चांपा के गांवों में पांच करोड़ रूपए की लागत के अधोसंरचना विकास के कार्य किए जाएंगे।
पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि राज्य सरकार की वित्तीय संसाधन से ग्राम उत्कर्ष योजना वर्ष 2006-07 से राज्य के पांच जिलों कोरबा, जांजगीर-चांपा, रायपुर, दुर्ग और महासमुंद में लागू की गई। यह योजना वर्ष 2008-09 से मुख्यमंत्री ग्राम उत्कर्ष योजना के नाम से रायपुर, दुर्ग और जांजगीर-चांपा जिले में संचालित की जा रही है। इस योजना के तहत वर्ष 2006-07 से वर्ष 2009-10 तक गांवों में अधोसंरचना विकास के लिए 142 करोड़ 62 लाख रूपए की लागत के आठ हजार 479 निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए। माह जून 2010 तक स्वीकृत कार्यो में से छह हजार 666 निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है। निर्माण कार्यो पर 115 करोड़ एक लाख 74 हजार रूपए खर्च किए गए है।
अधिकारियों ने बताया कि गांवों में अधोसंरचना विकास के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण के स्वीकृत चार हजार 127 कार्यो में से तीन हजार 253 कार्य पूर्ण हो चुके है। निर्मलाघाट के स्वीकृत एक हजार 410 कार्यो में से एक हजार 174, मुक्तिधाम के स्वीकृत 865 कार्यो में से 676, उप-स्वास्थ्य केन्द्र निर्माण के स्वीकृत 72 में से 64, तालाब गहरीकरण के 114 में से 104, आंगनबाड़ी भवन निर्माण के 554 में से 381 कार्य पूरे किए जा चुके है। उचित मूल्य दुकान निर्माण के स्वीकृत 397 में से 331, हाई स्कूल भवन निर्माण के स्वीकृत 16 में से 14, ग्राम पंचायत भवन सह-उचित मूल्य दुकान निर्माण के स्वीकृत 224 में से 156, सामुदायिक भवन निर्माण के स्वीकृत 488 कार्यो में से 328, कांजी हाउस निर्माण के स्वीकृत 63 कार्यो में से 36 और अधोसंरचना विकास के अन्य स्वीकृत 146 सभी निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके है।

