बस्तर जिले की आगामी वार्षिक योजना :बीस अरब रूपए से अधिक राशि की होगी
जिला योजना समिति की बैठक में हुआ अनुमोदन
रायपुर 23 सितम्बर 2010
छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल बस्तर जिले के लिए आगामी वित्तीय वर्ष 2011-12 की वार्षिक कार्य योजना लगभग 20 अरब 12 करोड़ रूपए की होगी। जिला मुख्यालय जगदलपुर में कल आयोजित जिला योजना समिति की बैठक में इसका अनुमोदन कर दिया गया। अनुमोदित कार्ययोजना में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 19 अरब 58 करोड़ 50 लाख रूपए और शहरी क्षेत्रों के लिए 53 करोड़ 28 लाख रूपए के विकास कार्यो के प्रस्ताव शामिल हैं। आदिम जाति और अनुसूचित जाति विकास मंत्री तथा बस्तर जिले के प्रभारी श्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित समिति की बैठक में कार्ययोजना के विभिन्न प्रस्तावों पर गहन विचार-विमर्श के बाद इसका अनुदान कर दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री लच्छूराम कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तरूण चोपड़ा और जिला योजना समिति के सदस्यगण उपस्थित थे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों में बस्तर कलेक्टर और जिला योजना समिति के सचिव श्री मनोहर सिंह परस्ते सहित नवनिर्मित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक में श्री कश्यप ने जिले की वर्ष 2011-12 के लिए तैयार किए गए इस कार्ययोजना पर संतोष जाहिर किया और इसे राज्य शासन को शीघ्र भेजे जाने की सहमति भी प्रदान की। बैठक में प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने बस्तर जिले में आदिमजाति कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रावास, आश्रमों और शालाओं में स्थापित किए गए सोलर उपकरण के रख-रखाव की ओर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में बताया गया कि बस्तर जिले की कार्ययोजना को 3 सेक्टरों को मिलाकर तैयार किया गया है, जिसमें केन्द्र प्रवर्तित योजना, केन्द्र क्षेत्रीय योजना और राज्य योजना के क्षेत्र शामिल हैं और इन 3 क्षेत्रों में जिले के नौ सेक्टरों को शामिल किया गया है। इसमें वर्ष 2009-10 के आवंटन को आधार मानकर वर्ष 2010-12 की वार्षिक कार्ययोजना के लिए 20 प्रतिशत की राशि बढ़ाकर बजट आवंटन की मांग की गयी है। इस जिला योजना समिति द्वारा अनुमोदित वर्ष 2011-12 की इस वार्षिक कार्ययोजना को योजना आयोग को भेजा जा रहा है। योजना आयोग में बस्तर जिले की इस अनुमोदित कार्ययोजना के आधार पर संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष के साथ योजना आयोग की बैठक आहूत होगी। उक्त बैठक में इसका विश्लेषण किया जाएगा और इसी आधार पर बस्तर जिले की अनुमोदित कार्ययोजना के अनुरूप आवंटन जिले को प्राप्त होगा।

