इंदिरा आवास योजना : हितग्राहियों की जानकारी होगी ऑन लाइन
इंदिरा आवास योजना के तहत हितग्राहियों के चयन से लेकर उनकों आबंटित धनराशि तक की जानकारी ऑन लाईन की जाएगी। राज्य शासन के पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग और राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र छत्तीसगढ़ द्वारा विकास आयुक्त आयुक्त कार्यालय में इस योजना के जिला परियोजना अधिकारियों और डाटा एन्ट्री आपरेटरों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह दो दिवसीय प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित किया गया है। पहले चरण में बस्तर, बिलासपुर, दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा), धमतरी, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, जशपुर, उत्तर बस्तर (कांकेर) और कबीरधाम जिले के अधिकारियों-कर्मचारियो का दो दिवसीय प्रशिक्षण आज सम्पन्न हो गया।
पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि केन्द्र के निर्देशानुसार इंदिरा आवास योजना के तहत हितग्राहियों के चयन से उन्हें धनराशि आबंटित करने तक की जानकारी कम्प्यूटरीकृत निगरानी सूचना प्रणाली के लिए तैयार किए गए साफ्ट वेयर में दर्ज की जाएगी। इसमें सभी चयनित हितग्राही का नाम, उसके पिता का नाम, गांव का नाम, कब और कितनी धनराशि उसके खाते में जमा कराई गई और आवास निर्माण की भौतिक स्थिति क्या है आदि का सम्पूर्ण विवरण इंदिरा आवास योजना की वेबसाइट पर प्रदर्शित किया जाएगा। इस वेबसाइट के माध्यम से कोई भी नागरिक इंदिरा आवास योजना सम्पूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकेगा। इससे योजना की प्रगति पर निगरानी करने में भी आसानी होगी। दो दिवसीय प्रशिक्षण राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र के तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा दिया जा रहा है। पहले दिन तकनीकी पहलुओं की व्यवहारिक जानकारी और दूसरे दिन प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जिला परियोजना अधिकारी और डाटा एन्ट्री ऑपरेटर मास्टर प्रशिक्षक के रूप में अपने जिलों की जनपद पंचायतों में प्रशिक्षण देंगे। दूसरे चरण में 29 और 30 सितम्बर को रायपुर, कोरबा, कोरिया, महासमुंद, रायगढ़, राजनांदगांव, सरगुजा, नारायणपुर और बीजापुर जिलों के परियोजना अधिकारियों और डाटा एन्ट्री ऑपरेटरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है।

