नक्सल क्षेत्रों में ग्रामीण विकास के लिए राज्य को हर संभव सहयोग : श्री जयराम रमेश
रायपुर 10 नवम्बर 2011
केन्द्रीय पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री जयराम रमेश ने कहा है कि छत्तीसगढ़ के नक्सल पीड़ित तथा पिछड़े आदिवासी इलाकों में गांवों के विकास के लिए राज्य शासन द्वारा लगातार अच्छे प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इन प्रयासों को सफल बनाने के लिए केन्द्र की ओर से राज्य सरकार को हर संभव सहयोग और पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। श्री रमेश आज राज्य के जिला मुख्यालय नारायणपुर में प्रदेश सरकार के जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे।
बैठक में छत्तीसगढ़ सरकार के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम, आदिमजाति और अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री केदार कश्यप और प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव पंचायत एवं ग्रामीण विकास श्री विवेक ढांड भी उपस्थित थे। श्री रमेश छत्तीसगढ़ के पंचायत मंत्री श्री नेताम के साथ हेलीकॉप्टर द्वारा रायपुर से नारायणपुर पहुंचे, जहां प्रदेश के आदिमजाति विकास मंत्री श्री केदार कश्यप सहित स्थानीय जन-प्रतिनिधियों और प्रशासन के अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। केन्द्रीय मंत्री श्री रमेश ने बैठक में नारायणपुर जिले के दोनों विकास खण्डों- ओरछा और नारायणपुर में संचालित ग्रामीण विकास की विभन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि गांवों में रोजगार के ज्यादा से ज्यादा अवसर मुहैया कराने के लिए ग्रामीण विकास योजनाओं के तहत विशेष कार्य योजना बनाकर काम करने की जरूरत है।
श्री जयराम रमेश ने बैठक में जिले में सड़क निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए प्रदेश सरकार की कोशिशों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में भी केन्द्र की ओर से राज्य को भरपूर सहयोग मिलेगा। केन्द्रीय मंत्री श्री जयराम रमेश छत्तीसगढ़ के पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम के साथ हेलीकॉप्टर में नारायणपुर पहुंचे, जहां जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

