पंचायत प्रतिनिधियों का राष्ट्रीय सम्मेलन 24 अप्रैल को नई दिल्ली में
पंचायत मंत्री श्री नेताम के नेतृत्व में शामिल होगा राज्य का दल
राष्ट्रीय पंचायत दिवस पर 24 अप्रेल को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में पंचायत प्रतिनिधियों के राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है। पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में प्रदेश की पंचायत राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों का दल इस सम्मेलन में शामिल होगा। इस अवसर पर विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक ढांड और संचालक पंचायत और समाज सेवा श्री आलोक अवस्थी भी उपस्थित रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ कीं पंचायत राज संस्थाओं में स्थानीय स्व-शासन के लिए ग्राम सभा को अधिकार सम्पन्न बनाया गया हैं। राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ पंचायत राज (संशोधन) अधिनियम 2004 लागू करके अब प्रत्येक ग्राम पंचायत के हर आश्रित गांव में ग्राम सभा के आयोजन का प्रावधान कर दिया है। इसके पहले तक ग्राम सभाओं का आयोजन सिर्फ ग्राम पंचायत मुख्यालयों में हुआ करता था। इससे ग्राम पंचायतों के आश्रित गांवों के लोग दूरी और अन्य कारणों से ग्राम सभा में शामिल नहीं हो पाते थे। ग्रामीणों की इस कठिनाई को राज्य सरकार ने गंभीरता से महसूस कर छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 06 में संशोधन किया है। इसके फलस्वरूप अब प्रत्येक गांव में ग्राम सभा हो रही है। वर्ष में कम से कम छह ग्राम सभाओं का आयोजन क्रमश: 20 अगस्त, 02 अक्टूबर, 26 जनवरी और 14 अप्रैल को और इसके अलावा दो ग्राम सभा महामहिम राज्यपाल के प्रस्ताव पर जून एवं नवम्बर माह में सुविधा जनक तिथियों में अनिवार्य रूप से करने के निर्देश हैं। राज्य में आयोजित ग्राम सभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, पोषण आहार, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, सामाजिक सुरक्षा, सामाजिक समस्याएं, प्राकृतिक संसाधन, ग्राम पंचायत की वार्षिक कार्य योजना तथा वार्षिक बजट पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही सामाजिक और आर्थिक कार्यक्रमों की योजना निर्माण और क्रियान्वयन से संबंधित मुद्दों सहित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण्ा रोजगार गारंटी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन, सर्व शिक्षा अभियान, एकीकृत बाल विकास योजना, एकीकृत जलग्रहण प्रबंधन कार्यक्रम, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, सूखा, बाढ़ प्रबंधन, सामाजिक अंकेक्षण आदि विषयों पर ग्राम सभाओं में विचार किया जा रहा है।
पंचायत और समाज सेवा संचालनालय के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित सम्मेलन में शामिल होने के लिए पंचायत राज संस्थाओं के निर्वाचित 25 सदस्यों के नाम तय किए गए हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के दल में जिला पंचायत अध्यक्ष सरगुजा श्रीमती पुष्पा देवी नेताम, जिला पंचायत सदस्य डॉ. दिनेश यादव, अध्यक्ष जनपद पंचायत बलरामपुर श्री पारसनाथ, जनपद पंचायत उदयपुर के श्री बलदेब सिंह और अम्बिकापुर के श्री कुलदीप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रायपुर श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. श्वेता शर्मा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सिमगा अदिति बाधमार, जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर श्रीमती अंजना मुलकवार, जिला पंचायत अध्यक्ष महासमुंद श्रीमती सरला कोसरिया, जनपद पंचायत सदस्य सरायपाली श्री श्याम टांडी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजनांदगांव श्री दिनेश गांधी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कबीरधाम श्री विदेशी राम धुर्वे, जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्ग श्री जीवन वर्मा और जिला पंचायत सदस्य श्री अजय बघेल, जिला पंचायत कोरबा की उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता राजवाड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष पोड़ी-उपरोड़ा श्रीमती किरण मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष रायगढ़ श्रीमती कृष्णा पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष जशपुर बडाईक अनुप नारायण सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष कुनकुनी श्री रोहित कुमार साय, जिला पंचायत अध्यक्ष उत्तर बस्तर (कांकेर) श्रीमती सिरो कोमरे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष धमतरी श्री अशोक सोम, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत मगरलोड श्री विनित बाफना और जिला पंचायत सदस्य कोरिया श्री रविशंकर सिंह शामिल है।

