कुंए से आई खेत में हरियाली : बारह हजार की अतिरिक्त आमदनी
रायपुर 26 नवम्बर 2011
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना के तहत छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के जनपद पंचायत
लुण्ड्रा के ग्राम पंचायत डड़गांव में त्रिलोचन बाई के खेत में कुआं निर्माण से हरियाली आ गई है। सिंचाई का साधन उपलब्ध हो जाने से उन्हें 12 हजार रूपए की अतिरिक्त आमदनी भी मिल रही है। श्रीमती त्रिलोचन बाई अब साल भर अपनी जमीन पर कृषि कार्य कर रही है जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पहले से काफी अच्छी हो गई है।
श्रीमती त्रिलोचन बाई ने बताया कि उनके पास दो एकड़ जमीन तो थी, परन्तु सिंचाई के अभाव में वह किसी काम की नहीं थी। उपज लेने के लिए सिर्फ वर्षा के जल पर ही निर्भर रहना पड़ता था। जिसके कारण जमीन वीरान पड़ी रहती थी। उनकी आर्थिक स्थिति भी खराब थी। पैसे के अभाव के कारण वह अपनी जमीन पर कोई भी कार्य करने में असमर्थ थी। श्रीमती त्रिलोचन बाई ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत वर्ष 2008-09 में उनकी निजी भूमि पर कुंआ निर्माण के लिए 95 हजार रूपए स्वीकृत किए गए। स्वीकृति मिलने के बाद 29 अप्रैल 2009 को कुंआ निर्माण कार्य प्रारम्भ हुआ। बरसात के बाद पुन: कार्य शुरू करते हुए 20 फरवरी 2010 को कुंआ निर्माण का कार्य पूरा हुआ। उन्हाेंने बताया कि उसने पहले से ही सोच रखा था कि आत्मनिर्भरता के लिए उसे क्या करना है। कुंआ निर्माण के बाद हमने सबसे पहले टमाटर की खेती प्रारम्भ की। जिससे 7 हजार रूपए की आय प्राप्त हुई। उसके बाद कुंए में सिंचाई पम्प लगाकर सरसों, मिर्च, गोभी और गन्ना की खेती करना प्रारम्भ किया, जिससे 12 हजार रूपए तक की अतिरिक्त आमदनी होनी लगी। श्रीमती त्रिलोचन बाई ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कुंआ निर्माण उनके लिए लाभदायक साबित हो रहा है और इससे जीविकोपार्जन का साधन भी मिल गया है।

