पंचायत कर्मी बने 'ग्राम पंचायत सचिव' - राज्य शासन ने जारी किए आदेश
मुख्यमंत्री की घोषणा पर त्वरित अमल
पंचायत मंत्री से मिलकर आभार व्यक्त किया पंचायत सचिव संघ ने
मिलेगा 49 प्रतिशत महंगाई भत्ता और ढाई सौ रूपए मासिक स्थायी यात्रा भत्ता
रायपुर, 22 नवम्बर 2010

राज्य शासन के निर्णय अनुसार प्रदेश की ग्राम पंचायतों में कार्यरत पंचायत कर्मियों के पदनाम परिवर्तित किया जाकर 'ग्राम पंचायत सचिव' निर्धारित किया गया है। ग्राम पंचायत सचिव को अब 49 प्रतिशत महंगाई भत्ता और 250 रूपए मासिक स्थायी यात्रा भत्ता एक अक्टूबर 2010 से मिलने लगेगा। राज्य शासन के पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग ने आज यहां मंत्रालय से इस संबंध में दो पृथक-पृथक आदेश जारी कर दिए हैं। पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम के निवास पर आज शाम प्रदेश पंचायत कर्मी संघ के पदाधिकारियों ने मुलाकात कर उनका स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और शासन को धन्यवाद दिया। श्री नेताम ने प्रतिनिधि मण्डल के सदस्यों को आदेश की प्रति सौंपी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने पिछले महीने की 12 तारीख को उनसे मुलाकात करने आए पंचायत कर्मी संघ से चर्चा के दौरान उक्त घोषणाएं की थी। आज आदेश जारी होने के बाद राज्य के साढ़े नौ हजार से अधिक पंचायत कर्मियों को 49 प्रतिशत महंगाई भत्ता और 250 रूपए मासिक स्थायी यात्रा भत्ता का लाभ मिलने लगेगा। यह महंगाई भत्ता शिक्षा कर्मी वर्ग तीन के समकक्ष होगा। इससे पंचायत कर्मियों का वेतन जो अभी 2700-50-3700 है इसमें 50 रूपए वार्षिक वेतन वृध्दि के रूप में है। प्रदेश के इन पंचायत कर्मियों को पहली बार महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा। अब तक इनके लिए महंगाई भत्ते का प्रावधान नहीं था, अब 49 प्रतिशत महंगाई भत्ते के साथ उनका वेतन बढ़कर चार हजार 230 रूपए हो जाएगा। यह भी गौरतलब है कि लगभग 15 साल पहले इन्हें केवल 500 रूपए के निश्चित मासिक मानदेय पर पंचायतों द्वारा नियुक्त किया जाता था।
श्री नेताम से भेंट करने आए पंचायत कर्मी संघ के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत करते हुए आदेश जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। श्री नेताम ने संघ के पदाधिकारयों से कहा कि पदनाम परिवर्तन होने के बाद अब ग्राम पंचायत सचिव नई ऊर्जा के साथ और अधिक मन लगाकर काम करेंगे और गांवों के विकास तथा ग्रामीणों की भलाई के लिए राज्य शासन की संचालित योजनाओं पर गंभीरता से अमल करेंगे। प्रतिनिधि मण्डल में प्रान्ताध्यक्ष श्री घनश्याम घिदौड़े, महामंत्री श्री योगेश चन्द्राकर, सचिव सलाहकार श्री प्रमोद जाधव, सहित सर्वश्री रमेश जायसवाल, मदन सिंह, प्रेमलाल ठाकरे, महेन्द्र सिंह ठाकुर, महेन्द्र साहू और जिलों के पदाधिकारी मौजूद थे।

