शिक्षा कर्मियों का वेतन भुगतान एक तारीख को सुनिश्चित करने के निर्देश
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न

पंचायत एंव ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक ढांड ने आज यहां सिविल लाईन स्थित विकास भवन में विभागीय काम-काज की समीक्षा की। उन्होंने समीक्षा के दौरान बैठक में उपस्थित जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को शिक्षा कर्मियों के वेतन का भुगतान हर महीने की एक तारीख को करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा कर्मियों की सेवा पुस्तिका का संधारण, वेतन वृध्दि, गोपनीय चरित्रावली सहित उनकी सेवाओं से जुड़ी सभी कार्यों को समय पर पूरा करने को कहा। श्री ढांड ने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए शिक्षा कर्मियों का प्रशिक्षण अवकाश दिवसों में रखने, शिक्षा कर्मियों के स्कूल आने-जाने और शाला खुलने एवं बंद होने का समय भी निर्धारित करने के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों के लिए हेल्प लाईन सेवा शुरू करने को भी कहा। श्री ढांड ने कोरिया जिले की तर्ज पर सभी जिलों में शिक्षा कर्मियों को अगले तीन माह के भीतर पहचान पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए।
श्री ढांड ने बैठक में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, स्वर्ण जयंती ग्राम स्वरोजगार योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन, इंदिरा आवास योजना, एकीकृत जल ग्रहण प्रबधंन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में संचालक पंचायत एवं समाज सेवा श्री आलोक अवस्थी, संचालक राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका मिशन सुश्रीं संगीता पी. एवं सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों सहित पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

