इंदिरा आवास योजना: छत्तीसगढ़ के तेरह जिलों को पहली किश्त में 11.30 करोड़ से अधिक राशि
रायपुर 28 अप्रैल, 2011
ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत गरीबी रेखा श्रेणी के आवासहीन परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ में इंदिरा आवास योजना संचालित की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2011-12 में इंदिरा आवास निर्माण के लिए 13 जिलों को 11 करोड़ 30 लाख 08 हजार 800 रूपए की प्रथम किश्त केन्द्र द्वारा आवंटित कर दी गई है। वित्तीय वर्ष 2011-12 के दौरान इन तेरह जिलों में 28 हजार 66 इंदिरा आवास निर्माण के लिए केन्द्र द्वारा 97 करोड़ 60 लाख 07 हजार रूपए उपलब्ध कराए जाएंगे। योजना के तहत आवासहीन परिवारों को 80:20 के अनुपात में नवीन और उन्न्यन आवासों के लिए 75 प्रतिशत केन्द्रांश और 25 प्रतिशत राज्यांश के अनुपात में अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। हितग्राहियों को राशि दो किश्तों में बैंक या पोस्ट आफिस के खातों के माध्यम से प्रदान की जाती है।
पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि प्रदेश के 14 जिलों को आवंटित राशि में से जिला बिलासपुर को एक करोड़ 44 लाख 44 हजार रूपए, धमतरी को 30 लाख 05 हजार 200 रूपए, दुर्ग को 91 लाख 86 हजार रूपए, जशपुर को 65 लाख 40 हजार 100 रूपए, कबीरधाम को 41 लाख 50 हजार 100 रूपए, कोरबा को 47 लाख 97 हजार 500 रूपए, कोरिया को 44 लाख 72 हजार 700 रूपए, महासमुंद को 61 लाख 60 हजार 300 रूपए, रायगढ़ को एक करोड़ 27 लाख 73 हजार 600 रूपए, रायपुर को एक करोड़ 44 लाख 64 हजार 900 रूपए, राजनांदगांव को 66 लाख 56 हजार 200 रूपए, सरगुजा को एक करोड़ 89 लाख 22 हजार रूपए और उत्तर बस्तर (कांकेर) को 74 लाख 36 हजार 200 रूपए की प्रथम किश्त आवंटित की गई है।
उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2010 से सामान्य क्षेत्र में इंदिरा आवास निर्माण के लिए हितग्राहियों को 45 हजार रूपए और नक्सल प्रभावित जिलों में 48 हजार 500 रूपए का अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। योजना के तहत आवास महिला मुखिया या पति-पत्नि दोनों के संयुक्त नाम से आवंटित किया जाता है। आवास निर्माण स्वयं हितग्राही द्वारा किया जाता है। आवास का क्षेत्रफल कम से कम 20 वर्गमीटर होता है। आवास में स्वच्छ शौचालय, धुआं रहित चूल्हा एवं राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत बिजली की व्यवस्था के भी प्रावधान है। हितग्राहियों का चयन इंदिरा आवास की स्थाई प्रतिक्षा सूची से बढ़ते क्रम में किया जाता है।

