पंच सम्मेलन के लिए सात लाख रूपए आवंटित
रायपुर 03 मई , 2011
छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं को सौंप गए अधिकार, दायित्वों एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की जानकारी निर्वाचित पंचायत पदाधिकारियों को देने के लिए पंच सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। वित्तीय वर्ष 2011-12 में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर पंच सम्मेलन आयोजित करने के लिए सात लाख रूपए आवंटित किए गए है। पंचायत और समाज सेवा संचालनालय ने संबंधित जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को जिला पंचायत और जनपद पंचायत स्तर पर पंच सम्मेलन आयोजित करने के लिए एक-एक लाख रूपए और ग्राम पंचायत स्तर पर पंच सम्मेलन आयोजित करने के लिए पांच लाख रूपए आवंटित कर दिए है।
जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से कहा गया है कि आवंटित राशि से अधिक का आहरण न किया जाए। शासन की मितव्ययिता संबंधी समय-समय पर जारी आदेशों का पालन किया जाए। आवंटित राशि का उपयोग जिस उद्देश्य से किया गया है उसका पालन सुनिश्चित किया जाए। पंच सम्मेलन के आवंटित राशि में से जिला पंचायत स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने के लिए संबंधित जिलों को पांच -पांच हजार रूपए, जनपद पंचायत स्तर पर सम्मेलन आयोजित करने के लिए रायपुर को साढ़े सात हजार रूपए, महासमुंद, कोरबा और कोरिया को ढ़ाई-ढ़ाई हजार रूपए, धमतरी और कबीरधाम को दो-दो हजार रूपए, दुर्ग को छह हजार रूपए, राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और रायगढ़ को 4500-4500 रूपए, उत्तर बस्तर (कांकेर) को साढ़े तीन हजार रूपए, बिलासपुर को पांच हजार रूपए और सरगुजा को साढ़े नौ हजार रूपए आवंटित किए गए है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत स्तर पर पंच सम्मेलन के लिए जिला रायपुर को 59 हजार 850 रूपए, महासमुंद को 24 हजार 500 रूपए, धमतरी को 16 हजार 550 रूपए, दुर्ग को 49 हजार 750 रूपए, राजनांदगांव को 34 हजार 600 रूपए, कबीरधाम को 18 हजार 350 रूपए, उत्तर बस्तर (कांकेर) को 19 हजार 350 रूपए, बिलासपुर को 42 हजार 900 रूपए, जांजगीर-चांपा को 28 हजार 800 रूपए, कोरबा को 17 हजार 600 रूपए, रायगढ़ को 35 हजार 100 रूपए, जशपुर को 20 हजार 550 रूपए, सरगुजा को 54 हजार 350 रूपए और कोरिया को 11 हजार 800 रूपए आवंटित किए गए है।

