तालाब से बदलेगी गांव की तस्वीर : मनरेगा के तहत पचास साल पुराने तालाब का जीर्णोध्दार
केन्द्रीय सचिव ने किया अवलोकन
रायपुर 03 मई 2011
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत रायपुर जिले के विकासखण्ड आरंग के गांव फरफौद में पचास साल पुराने तालाब का जीर्णोध्दार किया जा रहा है। करीब तीस एकड़ के इस तालाब निर्माण कार्य में प्रतिदिन 600 ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध हो रहा है। केन्द्रीय पंचायत और ग्रामीण विकास सचिव श्री बी.के. सिन्हा को यह जानकारी आज ग्राम फरफौद के ग्रामीणों ने दी। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग श्री विवेक ढांड सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे। श्री सिन्हा ने आरंग विकासखण्ड के ग्राम भोथली और बाना का भ्रमण कर विभागीय योजना के तहत संचालित कार्यो का अवलोकन किया और ग्रामीणों से चर्चा की।
ग्रामीणों ने केन्द्रीय सचिव श्री सिन्हा को बताया कि तालाब का जीर्णोध्दार हो जाने से गांव की तस्वीर बदल जाएगी। ग्रामीणों को निस्तारी के साथ ही सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने बताया कि तालाब की सफाई के साथ गहरीकरण किया जा रहा है। सौन्दर्यीकरण के लिए तालाब के बीचों-बीच बगीचा बनाने की भी योजना है। गांव के सरपंच श्री हिम्मत सिंह चन्द्राकर ने बताया कि लगभग 50 वर्ष पुराने इस तालाब का पानी प्रदूषित हो चुका था। महात्मा गांधी राष्ट्रीय रोजगार गारंटी योजना के तहत तालाब जीर्णोध्दार कार्य के लिए 50 लाख रूपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है। जीर्णोध्दार का आधा कार्य हो चुका है। यह कार्य चार-पांच दिनों से चल रहा है। इससे गांव के लगभग 600 ग्रामीणों को प्रतिदिन रोजगार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जीर्णोध्दार के लिए तालाब के पानी को निकालने के बाद इसको नया स्वरूप प्रदान करने के लिए भौगोलिक सूचना प्रणाली का उपयोग करते हुए इसकी तस्वीर निकालकर कार्य योजना बनायी गयी। सरपंच ने बताया कि रविशंकर जलाशय (गंगरेल बांध) की शाखा नहर से तालाब में पानी भरा जाएगा।
श्री सिन्हा ने वहां मजदूरों के जॉब कार्ड, रोजगार पंजी का निरीक्षण किया और तालाब जीर्णोध्दार का कार्य करने वाले ग्रामीणों से मजदूरी भुगतान के संबंध में चर्चा की। गांव के सर्वश्री गणेशुराम, हुमन और पवन आदि ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में 122 रूपए का मजदूरी भुगतान किया जा रहा है। मजदूरी का भुगतान गांव में स्थिति डाकघर से किया जाता है। श्री सिन्हा ने ग्रामीणों से योजना के तहत सामाजिक अंकेक्षण और ग्राम सभा की जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत इस माह की 14 तारीख को गांव में सामाजिक अंकेक्षण होना है। ग्राम सभा आयोजन की सूचना के लिए मुनादी करायी जाती है। श्री सिन्हा ने सुझाव दिया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत रोजगार प्राप्त करने वाले मजदूरों के नाम और उन्हें वर्ष में कितने दिन का रोजगार मिला है। इसकी जानकारी दीवार पर लिखी जाना चाहिए। उन्होंने गांव के निवासी श्री गणेशुराम के इंदिरा आवास का अवलोकन भी किया। पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के प्रमुख सचिव श्री ढांड ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि भौगोलिक सूचना प्रणाली का उपयोग तालाब निर्माण से पहले और बाद में किया जाए।
केन्द्रीय सचिव श्री सिन्हा ने इसके पूर्व आरंग विकासखण्ड के गांव भोथली में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अमेठी से भोथली तक 3.45 किलोमीटरी लम्बाई की निर्माणाधीन सड़क का अवलोकन किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि सड़क निर्माण के लिए 67.79 लाख रूपए स्वीकृत किए गए है। सड़क निर्माण से भोथली गांव के एक हजार 384 आबादी बारहमासी पक्की सड़क का लाभ मिलेगा। श्री सिन्हा ने इसी विकासखण्ड के ग्राम बाना में भी महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत निर्माणाधीन तालाब कार्य का अवलोकन किया और ग्रामीणों से विभागीय योजनाओं के संबंध में चर्चा की।

