राजीव गांधी सेवा केन्द्र के लिए प्रत्येक जनपद पंचायत में 25 ग्राम पंचायतों का चयन होगा
रायपुर एक मई 2010
छत्तीसगढ़ की तीन हजार 650 ग्राम पंचायतों में इस साल राजीव गांधी भारत निर्माण सेवा केन्द्र की स्थापना के लिए भवन निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जनपद पंचायत की 25 ग्राम पंचायतों का चयन किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव श्री सरजियस मिंज ने इस संबंध में सभी जिला कलेक्टरों को परिपत्र जारी कर इस कार्य पर विशेष घ्यान देने और विकासखण्डवार केन्द्र के लिए स्थल चयन कर सूची 15 दिवस के भीतर पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है।
परिपत्र में जिला कलेक्टरों से कहा गया है कि छत्तीसगढ़ के सभी जनपद और पंचायतों में राजीव गांधी भारत निर्माण केन्द्र बनाए जाएगें। इन केन्द्रों को पंचायत सचिवालय और ई-इनबेल्ड सर्विस के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य में राजीव गांधी भारत निर्माण केन्द्र की स्थापना का कार्य तीन वर्षो में पूर्ण किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जनपद पंचायत में प्रथम चरण में कम से कम से 25-25 ग्राम पंचायतों का चयन कर निर्माण की कार्रवाई प्रांरभ की जाएगी। परिपत्र में बताया गया है कि प्रदेश के जिन जिलों में पिछड़ा क्षेत्र अनुदान निधि योजना संचालित है, उन जिलों में सामग्री का व्यय इस योजना से करते हुए मजदूरी का भुगतान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से किया जाए। शेष जिलों में इन केन्द्रों का निर्माण महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के वित्तीय व्यय से किया जाए और सामग्री के लिए अन्य योजनाओं से राशि उपलब्ध कराई जाए। इसी प्रकार जिला स्तर पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना में मजदूरी एवं सामग्री का अनुपात 60:40 रखा जाए। भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र निर्माण के लिए पृथक से समयबध्द कार्यक्रम तैयार किया जाए, जिसमें प्रथम, द्वितीय और तृतीय चरण में स्थल चयन, कार्य प्रारंभ दिनांक, कार्य पूर्णता की संभावित तिथि का उल्लेख किया जाए।

