महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी मेला नई दिल्ली में आज
छत्तीसगढ़ का दल भी शामिल होगा
रायपुर 01 फरवरी 2011
केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा कल बुधवार 02 फरवरी को सुबह 10 बजे से नई दिल्ली के विज्ञान भवन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी मेला-2011 का आयोजन किया जा रहा हैं। प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह इस कार्यक्रम में योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2009-10 में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले जिला पंचायतों और ग्राम पंचायतों को 'राष्ट्रीय श्रेष्ठता पुरस्कार' प्रदान करेंगे। उल्लेखनीय है कि दो फरवरी को इस योजना का पांचवा स्थापना दिवस भी है।
पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि नई दिल्ली में आयोजित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार मेले में छत्तीसगढ़ का दल भी शामिल होगा। राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले 40 सदस्यीय दल में राज्य स्तर के अधिकारी, जिला पंचायतों और जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, योजना के परियोजना अधिकारी, योजना क्रियान्वयन ईकाई के प्रतिनिधि एवं योजना के तहत वर्ष में 100 दिन या अधिकतम दिन का रोजगार प्राप्त करने वाले श्रमिक शामिल है।

