नक्सल प्रभावित जिलों में इंदिरा आवास निर्माण के लिए हितग्राहियों को 48 हजार 500 रूपए की आर्थिक मदद
श्री सरजियस मिंज से ग्रामीण विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव की मुलाकात

इंदिरा आवास योजना के तहत नक्सल प्रभावित जिलों में आवासहीन गरीब परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए 48 हजार 500 रूपए की आर्थिक मदद दी जाएगी। छत्तीसगढ़ प्रवास पर आए केन्द्रीय ग्रामीण्ा विकास मंत्रालय के संयुक्त सचिव श्री संजय कुमार राकेश ने यह जानकारी आज यहां मंत्रालय में राज्य शासन के अपर मुख्य सचिव श्री सरजियस मिंज से मुलाकात के दौरान दी। उल्लेखनीय है कि योजना के तहत सामान्य क्षेत्रों में एक अप्रेल 2010 से पक्का मकान निर्माण के लिए हितग्राहियों को दी जाने वाली राशि 35 हजार रूपए से बढ़ाकर 45 हजार रूपए कर दी गई है। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के सचिव श्री के.डी.पी. राव से भी मुलाकात कर राज्य में चल रही विभिन्न पेंशन योजनाओं के संबंध में चर्चा की।
श्री संजय कुमार राकेश ने बताया कि कल गुरूवार को उन्होंने प्रदेश के राजनांदगांव जिले के विकासखण्ड राजनांदगांव के गांव मनकी, चिरचारी और छुरिया विकासखण्ड के गांव डीलापहरी, पोटेकोरा का भ्रमण कर वहां इंदिरा आवास और सामाजिक सुरक्षा पेंशन के हितग्राहियों से चर्चा की। उन्होंने राज्य में इंदिरा आवास योजना के हितग्राहियों का चयन ग्राम सभा से करने और पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों की पेंशन का भुगतान डाकधर और बैंक शाखाओं में खाते के माध्यम से करने की व्यवस्था की सराहना की।
श्री संजय कुमार राकेश ने कहा कि प्रदेश में इंदिरा आवास निर्माण के संबंध में तकनीकी ज्ञान के लिए छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण विकास संस्थान में विभाग के मैदानी स्तर के अमले को प्रशिक्षण देना उचित होगा। केन्द्र द्वारा प्रशिक्षण के लिए धनराशि उपलब्ध करायी जाएगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत भूमि हीन पात्र हितग्राहियों को राज्य शासन द्वारा जमीन उपलब्ध कराने पर मकान निर्माण के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी, जो योजना के वार्षिक लक्ष्य के अतिरिक्त होगी। इंदिरा आवास के हितग्राहियों को शौचालय और धुंआ रहित चूल्हा भी बनाना है। अपर मुख्य सचिव ने कहा शौचालय निर्माण के लिए सम्पूर्ण स्वच्छता अभियान से राशि उपलब्ध करने पर विचार किया जाना चाहिए।
समाज कल्याण विभाग के सचिव श्री के.डी.पी.राव से मुलाकात के दौरान श्री संजय कुमार राकेश ने बताया कि आज सुबह उन्होंने नगर-निगम रायपुर के वार्ड चंगौराभाठा और मठपुरैना का भ्रमण कर वहां पेंशन हितग्राहियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शहर के हर वार्ड में हितग्राहियों को प्रतिमाह पेंशन राशि का भुगतान हो यह सुनिश्चित किया जाए। वृध्दजनों को आसानी से पेंशन राशि प्राप्त हो जाए इसके लिए बैंक के अधिकारियों से चर्चा की जाए।
इस अवसर पर संचालक पंचायत और समाज सेवा श्री आलोक अवस्थी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

