पंचायत मंत्री श्री नेताम ने किया अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन-लोकार्पण
रायपुर 03 मई 2010
पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने कल सरगुजा जिले में अनेक विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। उन्होंने कन्हर नदी पर लगभग चार करोड़ 41 लाख रूपए की लागत से ग्राम खुरी-गढ़वा मार्ग पर बनने वाले 264 मीटर लम्बे पुल का भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने इस मौके पर ग्राम कुन्दरू-त्रिशूली मार्ग पर एक करोड़ 97 लाख रूपए की लागत से निर्मित 132 मीटर पुल का लोकार्पण और ग्राम डिण्डो में चार लाख रूपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन तथा ग्राम हरिहरपुर में चार लाख 50 हजार रूपए की लागत से बनने वाले सीमेंट कांक्रीट रोड का भी शिलान्यास किया। श्री नेताम ने राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत ग्राम बजनापारा में 24 लाख 34 हजार रूपए की लागत से निर्मित स्टाप डेम-सह-पुलिया और सर्वशिक्षा अभियान के तहत ग्राम सिलाजू के प्राथमिक शाला भवन का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर रामनुजगंज जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती तारावती सहित अनेक पंचायत प्रतिनिधि, शासकीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
क्रमांक- 630/स्वराज्य

