प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना : एक सौ सड़कों के लिए 100 करोड़ से अधिक मंजूर
मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना में इस वर्ष बनेगी 137 सड़कें
निविदाएं प्राप्त करने के अधिकार अधीक्षण अभियंतों को पंचायत मंत्री ने की प्रगति की समीक्षा
रायपुर, 19 मई 2011

पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज यहां मंत्रालय स्थित अपने कक्ष में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की समीक्षा में बताया कि छत्तीसगढ़ में इस वर्ष 325.77 किलोमीटर लम्बाई की 101 सड़कों का निर्माण किया जाएगा। सड़क निर्माण के लिए 100 करोड़ 39 लाख रूपए खर्च किए जाएंगे। राज्य को इसकी स्वीकृति प्राप्त मिल गई हैं।
श्री नेताम ने कहा कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष के बजट में 100 करोड़ रूपए मंजूर किए जा चुके है। इस योजना के तहत इस वर्ष राज्य में 407.40 किलोमीटर लम्बाई की 137 सड़कों के निर्माण का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत सड़क निर्माण के लिए मिट्टी के कार्य महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गांरटी योजना के तहत स्वीकृत कराकर संबंधित ग्राम पंचायत या ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा इस कार्य को संपादित किया जाएगा। इन सड़कों में गिट्टीकरण, डामरीकरण अथवा कांक्रीटीकरण का कार्य बजट से कराया जाएगा। इस संबंध में सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया जा चुका है।
श्री नेताम ने विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सड़कों के कार्य समय-सीमा और गुणवत्ता पूर्ण किए जाए। सभी कार्यो की निविदाओं और अन्य प्रक्रिया का काम मानसून में कर लिया जाए, जिससे बरसात के बाद सभी कार्यो को प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के तहत स्वीकृत निर्माण कार्यो के लिए केन्द्रीय रूप से निविदा आमंत्रण को समाप्त करते हुए समस्त प्रकार की निविदाएं ई-टेंडरिंग के माध्यम से प्राप्त करने अधीक्षण अभियंताओं को अधिकृत किया गया। इस विकेन्द्रीकृत प्रक्रिया से सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति में तेजी आयेगी। अधिकारों के प्रत्योजन से पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण में पदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी, मुख्य अभियंता, कार्यपालन अभियंता और सहायक अभियंताओं को वित्तीय अधिकार पुस्तिका में सौंपे गए सभी अधिकार यथावत लागू रहेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ ग्रामीण सड़क विकास अभिकरण के वरिष्ठ अधिकारी और अधीक्षण अभियंता उपस्थित थे।

