ग्राम पंचायत सचिवों के 711 पदों पर होगी भर्ती : श्री नेताम
रायपुर 20 मई, 2011
पंचायत और ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम ने आज यहां बताया कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में काम-काज के सुचारू संचालन के लिए ग्राम पंचायत सचिव के रिक्त 711 पद एक माह के भीतर भरे जाएंगे। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत सचिवों के रिक्त पदों पर नियुक्ति जिला पंचायतों द्वारा नियमानुसार की जाएगी। अधिकारियों को इसके लिए सभी तैयारियां तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए गए है। विभाग के प्रमुख सचिव श्री विवेक ढांड द्वारा इस संबंध में सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को पत्र भेजकर रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया समय-सीमा में अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
श्री नेताम ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायतराज व्यवस्था के तहत ग्रामीण विकास की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन और बुनियादी प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा-70(1) के तहत एक स्थायी एवं जिम्मेदार कर्मचारी की व्यवस्था करने का प्रावधान है। प्रदेश के प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक ग्राम पंचायत सचिव की नियुक्ति इस कार्य के लिए की गई है। कई ग्राम पंचायतों में पंचायत सचिव के पद लम्बे समय से रिक्त है। जिसके कारण एक ग्राम पंचायत सचिव को दो या तीन ग्राम पंचायतों में सचिवीय कार्य संपादित करने हेतु अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। श्री नेताम ने बताया कि विभाग द्वारा पंचायत कर्मियों (ग्राम पंचायत सचिवों) की सेवा शर्तों हेतु एक मार्गदर्शिका जारी 29 अगस्त 2008 में जारी की गई है, जिसमें ग्राम पंचायत सचिवों की नियुक्ति के लिए जिला पंचायतों को प्राधिकृत किया गया है।
पंचायत मंत्री श्री नेताम ने बताया कि जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्राम पंचायत सचिवों की नियुक्ति प्रक्रिया के संबंध में इस मार्गदर्शिका में दिए गए दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाएं। श्री नेताम ने बताया कि राज्य की 9 हजार 734 ग्राम पंचायतों में काम-काज संचालन के लिए वर्तमान में 9 हजार 23 पदों पर ग्राम पंचायत सचिव कार्यरत है। रिक्त 711 पदों में से जशपुर जिले में सबसे अधिक 138 पद रिक्त है। इसके बाद दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) और रायगढ़ जिले में 120-120, उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले में 94, सरगुजा जिले में 62, बस्तर जिले में 34, राजनांदगावं जिले में 25, रायपुर और महासमुंद जिले में 22-22, बिलासपुर जिले में 20, धमतरी जिले में 14, कबीरधाम जिले में आठ, कोरबा जिले में सात और कोरिया जिले में 5 पद रिक्त है।

