एकल बत्ती से रौशन हुए : 14.82 लाख से अधिक गरीबों के मकान
रायपुर, 17 नवम्बर 2011
छत्तीसगढ़ में गरीबी रेखा श्रेणी के चौदह लाख 82 हजार से अधिक परिवारों के मकान एकल बत्ती कनेक्शन से रौशन हो रहे हैं। इनमें से सात लाख 92 हजार 395 परिवारों को विगत लगभग आठ वर्ष में एकल बत्ती कनेक्शन दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य सरकार एकल बत्ती कनेक्शन धारक इन परिवारों को हर महीने 30 यूनिट बिजली नि:शुल्क दे रही है।
ऊर्जा विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि राज्य गठन से पहले यानि वर्ष 2000 से पहले छत्तीसगढ़ में एकल बत्ती कनेक्शन धारक परिवारों की संख्या छह लाख तीस हजार 389 थी। एक नवम्बर 2000 को नये राज्य का उदय हुआ। इसके बाद लगभग तीन वर्ष में केवल 59 हजार 601 गरीबों को एकल बत्ती कनेक्शन दिए गए, जिन्हें मिलाकर 30 नवम्बर 2011 तक एकल बत्ती वाले परिवारों की संख्या छह लाख 89 हजार 990 हो गई। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने 07 दिसम्बर 2003 में कार्यभार संभालने के बाद एकल बत्ती कनेक्शन योजना के तहत अधिक से अधिक गरीब परिवारों को लाभान्वित करने का निर्णय लिया और ऊर्जा विभाग को इसके लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। विगत करीब आठ वर्षो में ऊर्जा विभाग द्वारा सात लाख 92 हजार 395 परिवारों को एकल बत्ती कनेक्शन दिए गए, जिन्हें मिलाकर चालू वर्ष 2011 में 31 अक्टूबर तक एकल बत्ती कनेक्शन वाले घरों की संख्या बढ़कर चौदह लाख 82 हजार 385 तक पहुंच गई है।
अधिकारियों ने बताया कि इनमें सर्वाधिक दो लाख दस हजार 744 परिवार जांजगीर-चांपा जिले के हैं। रायपुर जिले में एक लाख 74 हजार 487, दुर्ग जिले में एक लाख 56 हजार 333, राजनांदगांव जिले में एक लाख 25 हजार 020, रायगढ़ जिले में 91 हजार 909, कबीरधाम (कवर्धा) जिले में 90 हजार 734, महासमुन्द जिले में 81 हजार 589, उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले में 80 हजार 086, सरगुजा जिले में 76 हजार 205, कोरबा जिले में 61 हजार 600, बस्तर (जगदलपुर) जिले में 60 हजार 401, धमतरी जिले में 58 हजार 248, दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) जिले में 46 हजार 770, जशपुर जिले में 26 हजार 421 और कोरिया जिले में 18 हजार 763 गरीब परिवारों को एकल बत्ती कनेक्शन दिए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार एकल बत्ती कनेक्शन के लिए आवेदकों का चयन जिला कलेक्टरों के स्तर पर जारी गरीबी रेखा सर्वेक्षण सूची के आधार पर किया जाता है। एकल बत्ती कनेक्शन धारक प्रत्येक परिवार को 120 वॉट के विद्युत भार के लिए 30 यूनिट बिजली हर महीने नि:शुल्क देने का प्रावधान है। राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ विद्युत कम्पनी को इस बिजली के खर्च की प्रतिपूर्ति की जाती है।

