बिजली संरक्षण में क्रेडा को मिले दो राष्ट्रीय पुरस्कार : मुख्यमंत्री ने दी बधाई
रायपुर 05 दिसंबर 2011
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण
(क्रेडा) को गैर परम्परागत ऊर्जा संरक्षण और विकास के लिए एक साथ दो-दो
राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने पर अभिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई
दी है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री ऊर्जा विभाग के प्रभारी होने के
साथ-साथ क्रेडा के अध्यक्ष भी हैं। डॉ. रमन सिंह को आज यहां मंत्रालय में
आयोजित अभिकरण की समीक्षा बैठक में ऊर्जा विभाग के सचिव और क्रेडा के मुख्य
कार्यपालन अधिकारी श्री अमन कुमार सिंह और क्रेडा के कार्यपालन निदेशक
श्री एस.के.शुक्ला ने दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार भेंट किए। राज्य विद्युत
वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री सुबोध कुमार सिंह भी इस मौके पर उपस्थित
थे। मुख्यमंत्री को श्री शुक्ला ने बताया कि क्रेडा को तेजपुर (असम) में
पिछले महीने की अठारह तारीख को केन्द्रीय अपरम्परागत ऊर्जा स्त्रोत
मंत्रालय द्वारा आयोजित सम्मेलन में सर्वश्रेष्ठ नोडल एजेंसी के रूप में
राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया। इसी कड़ी में नई दिल्ली में केन्द्र
सरकार की ऊर्जा उपयोगिता परिषद द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी छत्तीसगढ़
क्रेडा को बेस्ट सोशियल इम्पेक्ट एवार्ड से नवाजा गया।
क्रमांक-3989/स्वराज्य

