नौ सड़कों के लिए 69.51 लाख रूपए मंजूर
रायपुर 01 अप्रैल 2010
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में धरमजयगढ़ विकासखंड की छह ग्राम पंचायतों के निवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उदे्श्य से 7.6 किलोमीटर लम्बी सड़कों का निर्माण किया जाएगा। राज्य शासन द्वारा इन नौ सड़कों के लिए 69 लाख 51 हजार रूपए स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत राशि से धरमजयगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत किदा, अमलीटिकरा, जोगड़ा, मुनुंद, पुरूंगा, और महारागंज में मिट्टीमुरूम सड़कों का निर्माण किया जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा इन सड़कों के निर्माण के लिए धरमजयगढ़ जनपद पंचायत को क्रियान्वयन एजेंसी नियुक्त किया गया है।
योजना के तहत धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत किदा के आश्रित ग्राम जामपाली में 850 मीटर लम्बाई की मिट्टी-मुरूम सड़क बनाने के लिए सात लाख 79 हजार रूपए मंजूर किए गए हैं। योजना के तहत ग्राम पंचायत अमलीटिकरा में सात लाख 79 हजार रूपए की लागत से चांदी डांड तक 850 मीटर लम्बी मिट्टी मुरूम सड़क बनायी जाएगी। ग्राम पंचायत जोगड़ा में पतरापारा से हाटी मार्ग तक नौ सौ मीटर लम्बी सड़क बनाने के लिए आठ लाख 23 हजार रूपए और ग्राम पंचायत बस्ती से तराईमाल बस्ती तक आठ सौ मीटर लम्बी सड़क के लिए सात लाख 35 हजार रूपए स्वीकृत किए गए हैं। ग्राम पंचायत मुनंद में आठ लाख 23 हजार रूपए की लागत से नयाडीड तक नौ सौ मीटर लम्बी सड़क बनायी जाएगी। ग्राम पुरूंगा में आठ लाख 23 हजार रूपए की लागत से बरगन तालाब तक नौ सौ मीटर लम्बी मिट्टी मुरूम सड़क बनायी जाएगी। योजना के तहत ग्राम पंचायत महाराजगंज में बजरंगबली मंदिर से नवधा चौक तक आठ सौ मीटर सड़क निर्माण के लिए सात लाख 35 हजार रूपए और नाला क्वाटर से मुम्हार पारा तक सात सौ मीटर लम्बी सड़क के लिए छह लाख 31 हजार रूपए मंजूर किए गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन सभी सड़कों के निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश क्रियान्वयन एजेंसी को दिए गए हैं।

