लोक निर्माण मंत्री ने दूसरे दिन भी ली अधिकारियों की बैठक
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
नेशनल हाइवे से नंदनवन तक नयी सड़क का प्रस्ताव
रायपुर, 23 जून 2011

लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी रायपुर में दो दिन तक विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभाग के 52 संभागों में निर्माणाधीन प्रमुख सड़कों,पुल-पुलियों और भवनों की विस्तृत समीक्षा की। श्री अग्रवाल ने विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों में गुणवत्ता तथा समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के सभी निर्माण्ा कार्य आम जनता की सुविधाओं से जुड़े होते हैं। अगर निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी पायी जाती है तो इसका प्रभाव पूरे विभाग की छवि पर पड़ता है। बैठक में विभाग के प्रमुख सचिव श्री एम.के.राउत, लोक निर्माण्ा विभाग के प्रमुख अभियंता श्री पी.के.जनवदे सहित सभी कार्यपालन अभियंता, अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता उपस्थित थे।
लोक निर्माण मंत्री श्री अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्माण एजेंसियों को काम पूरा होने के बाद भुगतान करने की प्रक्रिया में गतिशीलता लाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण एजेंसियों को नियमानुसार तुरंत भुगतान की कार्रवाई की जानी चाहिए। अनेकों बार सही समय पर भुगतान नहीं होने के कारण निर्माण में अनावश्यक देरी होती है। उन्होंने कहा कि अधिकारी पत्राचार के भरोसे न रहे बल्कि संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर निर्माण कार्यों में गति लाने का प्रयास करें। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मैदानी अधिकारियों के साथ हर माह समीक्षा बैठक होनी चाहिए। इन बैठकों में ही निर्माण कार्यों से संबंधित विभिन्न समस्याओं का निराकरण कर लिया जाए। लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि अच्छा काम करने वाले ठेकेदारों को प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। इसी प्रकार सही गुणवत्ता और समय-सीमा में कार्य पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की जरूरत है।
श्री अग्रवाल ने दूसरे दिन की बैठक में आज रायपुर और बिलासपुर राजस्व संभाग के अन्तर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने रायगढ़ मेडिकल कॉलेज, कोरबा इंजीनियरिंग कॉलेज, जिला अस्पताल रायपुर, राजधानी रायपुर के शासकीय आयुर्वेदिक कॉलेज में पी.जी. कॉलेज भवन तथा केन्द्रीय जेल रायपुर और मेकाहारा में प्रस्तावित निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इसके अतिरिक्त मोपका-कोनी मार्ग, रतनपुर-केंवची, कसडोल-बल्दाकछार मार्ग सहित अन्य प्रमुख निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति पर चर्चा करने के बाद अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। राजधानी रायपुर के विधानसभा मार्ग तथा जोरा मार्ग के वाल्टेयर लाईन पर प्रस्तावित ओव्हर ब्रिज के लिए की जा रही कार्रवाई के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने बिलासपुर में विभाग द्वारा बनाये गए छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय भवन के बचे कार्यो को जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।
श्री अग्रवाल ने राजधानी रायपुर के अंतर्गत चल रहे सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का खास ध्यान रखने,चालू वित्तीय वर्ष के बजट में रायपुर के लिए स्वीकृत कार्यों के प्राक्कलन (इस्टीमेट) जल्द से जल्द तैयार करने तथा नई राजधानी के आसपास बनने वाली विभिन्न सड़कों के लिए आवश्यक तैयारी करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। श्री अग्रवाल ने नेशनल हाईवे से नन्दन वन तक प्रस्तावित नयी सड़क को राज्य शासन के आगामी अनुपूरक बजट में शामिल करने के निर्देश भी दिए।

