उत्तर बस्तर जिले में चार पुल निर्माण के लिए छह करोड़ 10 लाख रूपए का बजट प्रावधान
रायपुर, एक जुलाई 2010
छत्तीसगढ़ के नक्सल हिंसा प्रभावित उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले में तीन नदियों और एक नाले पर पुल निर्माण का निर्णय राज्य शासन ने लिया है। इन चारों पुलों के लिए छह करोड़ 10 लाख रूपए का प्रावधान लोक निर्माण विभाग के चालू वित्तीय वर्ष के बजट में किया गया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले में इस वर्ष चार बड़े पुल निर्माण की कार्य योजना बनाई गई है। इनमें बारदा-कापसी मार्ग में देवदा नाले पर पुल निर्माण (अनुमानित लागत 60 लाख रूपए), पखांजूर तहसील अन्तर्गत छोटे बेठिया-आकमेटा मार्ग में आकमेटा नदी पर पुल निर्माण (अनुमानित लागत एक करोड़ बीस लाख रूपए), व्यास-कोंगेरा-देवकोंगेरा मार्ग में हटकुल नदी पर पुल निर्माण (अनुमानित लागत दो करोड़ 70 लाख रूपए) तथा ग्राम पी.व्ही. 33 से संगम पहुंच मार्ग में घोड़ागांव नदी पर पुल निर्माण (अनुमानित लागत एक करोड़ 60 लाख रूपए) शामिल हैं।

