प्रदेश के आठ प्रमुख मार्गो के उन्नयन का प्रस्ताव
लोक निर्माण मंत्री द्वारा विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन के कम्प्यूटर आधारित प्रस्तुतिकरण का अवलोकन
रायपुर 23 जुलाई 2010

लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां मंत्रालय में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा छत्तीसगढ़ के आठ प्रमुख मार्गो के उन्नयन के लिए तैयार किए गए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन के कम्प्यूटर आधारित प्रस्तुतिकरण का अवलोकन किया। प्राधिकरण द्वारा नियुक्त कन्सलटेंट एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने परियोजना के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री एम.के.राउत, प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री पी.के. जनवदे सहित राष्ट्रीय राजमार्ग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि प्राधिकरण द्वारा छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर-पत्थलगांव, धमतरी-जगदलपुर, पत्थलगांव-कुनकुरी-जशपुर-झारखंड सीमा तक, बिलासपुर-अम्बिकापुर, रायपुर-बिलासपुर, मध्यप्रदेश सीमा (चिल्फी घाटी) -सिमगा, आरंग-सरायपाली और रायपुर-धमतरी मार्ग का उन्नयन किया जाना है। इनमें से रायपुर-बिलासपुर तक फोरलेन मार्ग बनेगा। शेष सभी सात सड़कों का टू-लेन के रूप में उन्नयन किया जाएगा। टू-लेन के अंतर्गत इन सड़कों की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर दस मीटर की जाएगी। इन सड़कों के उन्नयन के विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन में जरूरत के अनुरूप नए पुल-पुलियों के निर्माण, बाय-पास सड़काें के निर्माण, सर्विस मार्गो के निर्माण आदि के प्रस्ताव बनाए गए हैं।
लोक निर्माण मंत्री श्री अग्रवाल ने कम्प्यूटर आधारित प्रस्तुतिकरण का अवलोकन करने के बाद राज्य शासन के लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को संबंधित कन्सल्टेंट एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन के अनुसार स्थल निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारी स्थल निरीक्षण के बाद जरूरत के अनुरूप परियोजना प्रतिवेदन में कोई परिर्वतन करना हो तो संबंधित एजेंसी को रिपोर्ट दें। श्री अग्रवाल ने उन्नयन किए जाने वाले मार्गो पर जरूरत के अनुरूप बाय-पास , सर्विस मार्ग और फुट ओव्हर ब्रिज के निर्माण के प्रस्ताव अनिवार्य रूप से शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टू-लेन के रूप में प्रस्तावित सड़कों पर जहां जरूरत हो फोरलेन के प्रस्ताव बनाए जाएं। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव श्री एम.के. राउत ने अम्बिकापुर-पत्थलगांव, पत्थलगांव-झारखंड सीमा और बिलासपुर-अम्बिकापुर मार्ग के उन्नयन के प्रस्ताव को अंतिम रूप देते समय इन मार्गो के यातायात की स्थिति पर विशेष घ्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन मार्गो के आस-पास औद्योगिक क्षेत्र और कोयला खदान होने के कारण भारी वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है।

