प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से शेष बसाहटों को जोड़ें
साप्ताहिक समीक्षा बैठक में अपर मुख्य सचिव के निर्देश
रायपुर 16 अप्रैल 2010
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत छत्तीसगढ़ के ग्रामीण क्षेत्रों की शेष बसाहटों बारहमासी सड़कों से जोड़ा जाएगा। अपर मुख्य सचिव श्री सरजियस मिंज ने यहां विकास भवन में साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान इस आशय के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने इसके लिए अधिकारियों को इस योजना के तहत बसाहटों को जोड़ने के लिए तैयार किए गए प्रस्ताव, उनकी स्वीकृति और शेष बसाहटों के लिए प्रस्ताव तैयार करने की कार्रवाई विस्तृत कार्य योजना सहित सुनिश्चित करने के निर्देश दिए है।
समीक्षा बैठक में अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत अब तक पांच हजार 320 स्वीकृत सड़कों में से तीन हजार 556 सड़कों का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जिनकी लम्बाई 16 हजार 90 किलोमीटर है। इन पर बीस हजार से अधिक पुल-पुलियों का निर्माण किया गया है। सड़कों के निर्माण पर चार हजार 282 करोड़ रूपए खर्च हुए है और इनके जरिए सात हजार 155 बसाहटों को बारहमासी पक्की सड़कों से जोड़ा गया है। योजना के तहत 11 हजार 800 बसाहटों को जोड़ने का लक्ष्य है इनमें से शेष रह गयी चार हजार 645 बसाहटों को भी बारहमासी सड़कों से जोड़ने की कार्य योजना है।
अपर मुख्य सचिव श्री मिंज ने एशियन विकास बैंक की आर्थिक सहायता से स्वीकृत सड़क निर्माण के कार्यो की सूची तैयार कर समीक्षा करने के मापदण्ड बनाए जाने और उसकी निरंतर समीक्षा करने के निर्देश दिए। श्री मिंज ने अधिकारियों से कहा कि निर्माणाधीन कार्यो की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उसकी प्रगति की प्रतिमाह समीक्षा की जाए। कार्यपालन अभियंता और परियोजना प्रबंधक द्वारा प्रत्येक स्तर पर कार्य को प्रमाणित करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय गुणवत्ता समीक्षकों द्वारा जांच के लंबित पालन प्रतिवेदन के लक्ष्य का निर्धारण एवं की जा रही कार्रवाई की साप्ताहिक और मासिक समीक्षा की जाए। समीक्षा के लिए प्रपत्र तैयार किया जाए। प्रथम और द्वितीय चरण की जांच का प्रतिवेदन सभी संबंधित नियमित प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। समीक्षा के लिए प्रपत्र तैयार किया जाए। सड़कों के संविदा अवधि के कार्यो की जांच और संधारण का कार्य सुनिश्चित किया जाए इसके साथ ही इन पूर्ण हुए कार्यो की समीक्षा भी की जाए। इसकी समीक्षा के लिए प्रपत्र तैयार किया जाए। श्री मिंज ने कहा कि योजना की वेबसाईट और मासिक प्रगति की जानकारी में एकरूपता लाने निरन्तर समीक्षा की जाए। प्रत्येक बिन्दुओं पर प्रपत्रों में जानकारी तैयार कर अगामी साप्ताहिक समीक्षा बैठक के पूर्व प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्य अभियंता और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

