गरीबों तक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ पहुंचाना चिकित्सकों का प्रमुख कर्तव्य
छत्तीसगढ़ चिकित्सा अधिकारी संघ के प्रांतीय महासम्मेलन के समापन समारोह में लोक निर्माण मंत्री श्री अग्रवाल
रायपुर 23 अक्टूबर 2010

लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा गरीबों को इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं की सार्थकता तभी साबित होगी, जब हर जरूरतमंद गरीब व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ मिलेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाने में शासकीय चिकित्सकों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होती है। शासकीय चिकित्सक अपने दायित्वों को और अधिक सजगता के साथ निभाएंगे तो गरीबों को स्वास्थ्य योजनाओं का पूरा-पूरा लाभ मिलेगा। श्री अग्रवाल आज यहां आयोजित छत्तीसगढ़ चिकित्सा अधिकारी संघ के प्रान्तीय महासम्मेलन के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
श्री अग्रवाल ने कहा कि चिकित्सकों का समाज में अधिक सम्मानजनक स्थान होता है। बीमार व्यक्ति की नजर में चिकित्सक भगवान के समान होता है। चिकित्सकों के दायित्वों में सेवा भी जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि चिकित्सक अपने दायित्वों का निर्वहन इस प्रकार से करें कि बीमार गरीब व्यक्तियों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिले। श्री अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के बस्तर और सरगुजा के आदिवासी वनक्षेत्रों में अनेक चिकित्सक काफी कठिनाईयों के बावजूद अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बाद भी इन क्षेत्रों में और अधिक चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत है। श्री अग्रवाल ने इस अवसर सभी चिकित्सकों को महासम्मेलन आयोजित करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी। छत्तीसगढ़ चिकित्सा अधिकारी संघ के प्रान्तीय अध्यक्ष डॉ. प्रमोद तिवारी सहित अन्य चिकित्सक इस अवसर पर उपस्थित थे।

