लोक निर्माण मंत्री ने रूद्री में किया विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण
25 लाख रूपए के निर्माण कार्यों की घोषणा
रायपुर, 28 नवम्बर 2011
प्रदेश के लोक निर्माण और स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कल धमतरी जिले के ग्राम रूद्री में 10 लाख रूपये के नवनिर्मित भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र सहित लगभग 15 लाख रूपये के पंचायत भवन, ऑंगनबाड़ी भवन, उचित मूल्य की दुकान, किचन शेड एवं सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने रूद्री में तालाब गहरीकरण एवं पचरीकरण के लिए दस-दस लाख रूपये एवं मुक्तिधाम में शेड निर्माण के लिए पाँच लाख रूपये देने की घोषणा की।
श्री अग्रवाल ने कम लागत में बने भारत निर्माण राजीव गांधी सेवा केन्द्र की प्रशंसा की और कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गाँवों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए अनेक कदम उठाए जा रहे हैं। श्री अग्रवाल ने कहा कि गाँवों एवं शहरों के विकास के लिए राशि की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ0 रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गाँव, गरीब, किसान और मजदूरों की बेहतरी के लिए अनेक कल्याण्ाकारी योजनाएँ संचालित की जा रहीं हैं। उन्होंने कहा कि गरीबी के कारण किसी बेटी की शादी नहीं रूकेगी, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के अन्तर्गत सामूहिक विवाह के लिए पाँच हजार रूपये से बढ़ाकर 10 हजार रूपये तक का घरेलू सामान दिए जाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि रूद्री में पिछले तीन साल के भीतर एक करोड़ रूपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं।
महासमुन्द लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री चन्दूलाल साहू ने कहा कि पिछले आठ साल के दौरान प्रदेश सरकार ने लोगों की बेहतरी के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि डॉ0 रमन सिंह के नेतृत्व में प्रदेश में प्रत्येक तीन किलोमीटर क्षेत्र में मिडिल स्कूल, सात किलोमीटर के दायरे में हाईस्कूल प्रारम्भ किए जा रहें हैं। इससे प्रदेश में बेहतर शैक्षणिक वातावरण का निर्माण हो रहा है। स्वागत भाषण एवं अभिनन्दन पत्र का वाचन स्थानीय सरपंच श्रीमती हेमलता ध्रुव ने किया।

