आपदा राहत निधि से कांकेर को बाढ़ बचाव सामग्री खरीदने के लिए 31.27 लाख रूपये स्वीकृत
आपदा राहत निधि के संचालन के लिए गठित समिति की बैठक संपन्न
रायपुर 11 नवंबर 2010

मुख्य सचिव श्री पी.जॉय उम्मेन की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय में आपदा राहत निधि के संचालन के लिए गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले को बाढ़ बचाव सामग्री जैसे मोटर बोट, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय आदि खरीदने के लिए 31.27 लाख रूपये की स्वीकृति दी गई। पुलिस महानिदेशक को 10 हाइड्रोलिक क्रेन, 10के व्ही ए के 20 जनरेटर और अन्य सामग्री खरीदने के लिए 50.40 लाख रूपये स्वीकृत किए गए। बैठक में राजस्व परिपत्र 6-4 के तहत प्राकृतिक आपदा के दौरान सहायता के लिए सभी जिलों को 34.18 करोड़ रूपये की कार्योत्तर स्वीकृति दी गई। इसके तहत बस्तर जिले को 5.74 करोड़, नारायण्ापुर को 3.48 करोड़, जांजगीर-चांपा को 3.06 करोड़, सरगुजा को 1.96 करोड़ राजनांदगांव को 1.86 करोड़, रायगढ़, दुर्ग, बिलासपुर को 1.66 करोड़ और शेष जिलों को 1.16 करोड़ रूपये दिए गए।
मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह के निर्देशानुसार अतिवृष्टि और बाढ़ से होने वाले कटाव को रोकने के लिए नदियों के तटबंध निर्माण के लिए अधिकारियों को तकनीकी पक्ष को विशेष ध्यान में रखकर विस्तार से योजना बनाने के निर्देश दिए। बैठक में राजधानी रायपुर के रिंग रोड के दोनों ओर के क्षेत्रों को बाढ़ से बचाने के लिए कलेक्टर रायपुर को दिए गए 5.49 करोड़ रूपये ,छोकरा नाला गहरीकरण के लिए 47.71 लाख रूपये और खारून नदी में निर्मित एनीकट के कटाव की मरम्मत के लिए कलेक्टर दुर्ग को दिए गए 25.20 लाख रूपये की कार्योत्तर स्वीकृति दी गई। बैठक में प्रमुख सचिव वित्त श्री अजय सिंह, प्रमुख सचिव लोकनिर्माण श्री एम.के. राउत, प्रमुख सचिव राजस्व श्री सुनील कुजूर, सचिव जल संसाधन श्री सी के.खेतान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

