राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष 15 जून से शुरू होगा
रायपुर, 28 मई 2011
राज्य सरकार ने आगामी मानसून को ध्यान में रखकर छत्तीसगढ़ में संभावित भारी वर्षा और बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए यहां मंत्रालय के कमरा नम्बर 298 में राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जा रही है। यह नियंत्रण कक्ष आगामी 15 जून से शुरू हो जाएगा और मानसून के दौरान चौबीसों घण्टे खुला रहेगा। राजस्व और आपदा प्रबंधन विभाग ने यहां मंत्रालय से राज्य शासन के सभी विभागों को इसकी जानकारी एक परिपत्र के जरिए भेज दी है। परिपत्र में बताया गया है कि भारी वर्षा और बाढ़ से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना देने या जानकारी प्राप्त करने के लिए नियंत्रण कक्ष में टेलीफोन नम्बर- 0771-4080593 और 2221242 पर सम्पर्क किया जा सकता है। नियंत्रण कक्ष में टेलीफैक्स की भी सुविधा रहेगी, जिसका नम्बर 0771-4034823 होगा। इसकी सूचना परिपत्र के जरिए प्रदेश सरकार के समस्त संभागीय आयुक्तों और जिला कलेक्टरों, पुलिस और नगर सेना के महानिदेशकों और जबलपुर स्थित छत्तीसगढ़ तथा मध्यप्रदेश के सेना मुख्यालय के विशेष कमान्डर, बमरौली, इलाहाबाद स्थित भारतीय वायु सेना के एयर कमान्डर मुख्यालय तथा रायपुर स्थित भारत मौसम विज्ञान केन्द्र को भी भेजी गयी है। नियंत्रण कक्ष में प्राप्त सूचनाओं के आधार पर संबंधित क्षेत्रों में राहत और बचाव के सभी आवश्यक उपाय किए जाएंगे। शिकायतों का निराकरण प्रमुख सचिव सह राहत आयुक्त द्वारा किया जाएगा। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने यहां मंत्रालय से जारी एक अन्य आदेश में राहत आयुक्त कार्यालय के लेखा अधिकारी श्री एच.एन.पी. मूर्ति को राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष का प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया है।
क्रमांक/963/स्वराज्य

