महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेंडी ने मुम्बई स्थित बाल भवन का अवलोकन किया
राज्य में बाल भवन की स्थापना के लिए एक करोड़ का प्रावधान
रायपुर 04 जून 2010
महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेंडी ने आज मुम्बई प्रवास के दौरान जवाहर बाल भवन का अवलोकन कर वहां के बच्चों से मुलाकात की। उल्लेखनीय है कि सुश्री उसेंडी छत्तीसगढ़ में भी बाल भवन स्थापित करवाने के लिए दृढ़ संकल्पित और इच्छुक है, ताकि प्रदेश के बच्चों को भी बाल भवन में संचालित की जाने वाली गतिविधियों का लाभ मिल सके।
यह भी ज्ञातव्य है कि प्रदेश में बाल भवन की स्थापना के लिए सुश्री उसेण्डी ने विभागीय अधिकारियाें को निर्देशित किया है। राज्य के बजट में भी बाल भवन के लिए एक करोड़ रूपए का बजट प्रावधान किया गया है। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र सहित देश के कई राज्यों में जवाहर बाल भवन की स्थापना की गई है, जहां बच्चों में सांस्कृतिक, कलात्मक और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती है।

