वीरता पुरस्कार से सम्मानित 99 बच्चों को मिला छात्रवृत्ति योजना का लाभ
रायपुर 21 जुलाई 2010
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय शौर्य पुरस्कार और राज्य वीरता पुरस्कार से विगत पांच वर्षो में सम्मानित प्रदेश के 99 बालक-बालिकाओं को अध्ययन के क्षेत्र में प्रोत्साहित करने के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की गई। उल्लेखनीय है कि इन पुरस्कारों से सम्मानित बालक-बालिकाओं को शिक्षा हेतु प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में छात्रवृत्ति नियम लागू किए गए हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि इन पुरस्कारों से सम्मानित बालक-बालिकाओं को स्कूल शिक्षा के दौरान दो सौ रूपए प्रतिमाह और महाविद्यालय शिक्षा के दौरान पांच सौ रूपए प्रतिमाह की दर से छात्रवृत्ति दी जाती है। राज्य बाल कल्याण परिषद के माध्यम से क्रियान्वित इस योजना में वर्ष 2004-05 में 10 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इसी प्रकार वर्ष 2005-06 में वीरता पुरस्कार 17 साहसी बच्चों को, वर्ष 2006-07 में 26 बच्चों को, वर्ष 2007-08 में 24 बच्चों को और वर्ष 2009-10 में 22 साहसी बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई।

