खिलाड़ी खेल भावना से उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करें- विधानसभा उपाध्यक्ष श्री चंदेल
जांजगीर में दसवीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ
रायपुर 03 सितम्बर 2010

दसवीं राज्य स्तरीय शालेय खेल-कूद प्रतियोगिता आज जांजगीर के हाई स्कूल मैदान में शुरू हो गई। विधानसभा के उपाध्यक्ष श्री नारायण चंदेल ने चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री चंदेल ने कहा कि प्रतिभागी छात्र-छात्राओं से कहा कि वे खेल भावना से खेलते हुए अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि हर मोड़ पर खिलाड़ियों को खेल भावना पालन करते हुए परिणाम को स्वीकार करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता विभिन्न आयु वर्ग में थ्रोबाल, हॉकी, व्हालीबाल और शॉफ्ट बाल की स्पर्धाएं होंगी। इसमें छत्तीसगढ़ के सभी सात जोन लगभग 1296 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

विधानसभा उपाध्यक्ष श्री चंदेल ने कोशिश करने वाले खिलाड़ियों की कभी हार नहीं होती। उन्होंने खिलाड़ियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि जब दो टीम मैदान में उतरती है एक की जीत और दूसरे की हार होती है। इसलिये पराजय से सीख लेनी चाहिए। नगरपालिका जांजगीर-नैला के अध्यक्ष श्री रमेश पैगवार ने कहा कि खुशी की बात है कि 10 वीं राज्य स्तरीय शालेय खेल प्रतियोगिता के आयोजन के लिए जिले को अवसर मिला है। हाई स्कूल खेल मैदान का स्वर्णिम इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ी अच्छे खेल का प्रदर्शन कर मंजिल हासिल करें। जिला पंचायत जांजगीर-चांपा के उपाध्यक्ष डाँ. रोहित डहरिया ने कहा कि खेल से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है। जीवन में खेल का विशेष महत्व है। कलेक्टर श्री ब्रजेश चन्द्र मिश्र ने भी प्रतिभागियों को अपनी शुभकामनाएं दी।
इसके पहले सभी जोन के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। ज्ञानोदय विद्यालय के विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। राष्ट्रीय खिलाड़ी कु. काजल शंकर ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में बस्तर, दुर्ग, जशपुर, रायपुर, राजनांदगांव, सरगुजा और बिलासपुर जोन के 1296 प्रतिभागी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।

