खेल मंत्री सुश्री उसेण्डी ने बैटन रिले के स्वागत की तैयारियों का जायजा लिया
रायपुर, 10 अगस्त 2010

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सुश्री लता उसेण्डी ने आज यहां माधव राव सप्रे शाला परिसर में क्वींस बैटन रिले के स्वागत के लिए की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। सुश्री उसेण्डी ने सप्रे शाला मैदान में मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, बैटन रिले के मैदान में प्रवेश के लिए नियत मार्ग आदि का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उल्लेखनीय है कि राष्ट्र मंडलीय खेलों की बैटन रिले 2010 बुधवार 11 अगस्त को राजधानी रायपुर पहुंचेगी, जिसके स्वागत में 12 अगस्त को रायपुर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी कड़ी में महामहिम राज्यपाल श्री शेखर दत्त के मुख्य आतिथ्य में क्वीन्स बैटन रिले के रायपुर में समापन अवसर पर माधव राव सप्रे शाला में समारोह का आयोजन किया जाएगा। सुश्री लता उसेण्डी ने इसके लिए यहां सप्रे शाला में चल रही तैयारियों की समीक्षा की। इस मौके पर खेल एवं युवा विभाग के सचिव श्री सुब्रत साहू और और संचालक श्री जी.पी. सिंह भी उपस्थित थे।

