महिला और बाल विकास मंत्री ने ली विभागीय समीक्षा बैठक
रायपुर, 16 नवम्बर 2011

महिला और बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री सुश्री लता उसेण्डी ने आज जिला मुख्यालय कोरबा में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में विभागीय योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में और भी ज्यादा गति लाने के निर्देश दिए। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि वह पन्द्रह दिनों के बाद दोबारा समीक्षा बैठक लेंगी। सुश्री उसेण्डी ने अधिकारियों से कहा कि कोरबा जिले के जिन आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती होना बाकी है, वहां यह कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में महिलाओं और बच्चों के लिए पौष्टिक आहार 'रेडी टू इट फुड' वितरण के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने बाकीमोंगरा क्षेत्र के नौ आंगनबाड़ी केन्द्रों में इस पौष्टिक आहार की राशि का भुगतान लंबित होने की जानकारी मिलने पर कहा कि यह बकाया राशि एक सप्ताह के भीतर संबंधितों को प्रदान कर दी जाए। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि आयुष्मति योजना के तहत हितग्राहियों को दी जाने वाली दवाओं की राशि का भुगतान दिसम्बर माह तक अनिवार्य रूप से कर दिया जाए। बैठक में सचिव महिला एवं बाल विकास श्री सुब्रत साहू, कलेक्टर श्री आर.पी.एस. त्यागी और अन्य संबंधित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

