रायपुर जिला खेल महोत्सव शुरू : स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने भव्य समारोह में किया शुभारंभ
रायपुर, 17 नवम्बर 2010
स्कूल शिक्षा मंत्री तथा रायपुर जिले के प्रभारी श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां विवेकानंद सरोवर (बूढ़ा तालाब) के पास नवनिर्मित स्पोर्टस काम्पलेक्स में राज्य खेल महोत्सव 2010 के अन्तर्गत रायपुर जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। काम्पलेक्स में आयोजित भव्य एवं रंगारंग उद्धाटन समारोह में सबसे पहले खिलाड़ियों ने आकर्षक मास्ट पास्ट किया । रायपुर जिले के सभी 15 विकासखण्डों के खिलाड़ी अपने विकासखण्डों का ध्वज लेकर मार्च पास्ट में शामिल हुए। तीन दिन चलने वाले इस रायपुर जिला खेल महोत्सव में 34 खेलों के मुकाबले होंगे। जिला खेल महोत्सव महोत्सव के उद्धाटन समारोह की अध्यक्षता रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती किरणमयी नायक ने की।
श्री अग्रवाल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ निर्माण की दसवीं वर्षगांठ के अवसर पर राज्योत्सव मनाने के बाद अब राज्य खेल महोत्सव की शुरूआत हो गई है। दस वर्ष की अवधि में छत्तीसगढ़ ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास के अनेक नये आयाम स्थापित करने के साथ ही खेल गतिविधियों में भी राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाया है। राज्य की खेल प्रतिभाओं के बल पर छत्तीसगढ़ को वर्ष 2012 - 2013 में राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। श्री अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मंशा के अनुरूप राज्य खेल महोत्सव आयोजन की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए सर्वप्रथम विकासखण्ड स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं हुईं। वर्तमान में सभी जिला मुख्यालयों में जिला स्तरीय खेल महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के नवयुवाओं को खेल के मैदानों से जोड़े रखना जरूरी है। इसके लिए नियमित रूप से विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होनी चाहिए। इससे भविष्य में राज्य से अच्छे खिलाड़ी निकलेंगे और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे। श्री अग्रवाल ने इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महापौर श्रीमती किरणमयी नायक ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल के क्षेत्र में भी अनेक हीरे हैं इन्हे तराश कर चमकाने की जरूरत है। राज्य खेल महोत्सव के आयोजन से प्रदेश के बच्चों को प्रोत्साहन मिलेगा। इस महोत्सव से भविष्य यहां होने वाली राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के लिए एक तरह से तैयारी प्रारंभ हो जाएगी। स्वागत भाषण रायपुर जिले के प्रभारी कलेक्टर श्री ओ.पी. चौधरी ने दिया। मायाराम सुरजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला रायपुर की छात्राओं तथा शासकीय हिन्दू उच्चतर माध्यमिक शाला रायपुर के छात्रों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मार्च पास्ट के दौरान पंथी नृत्य और अखाड़े का प्रदर्शन विशेष आकर्षण रहा।
जिला पंचायत रायपुर की अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी बघेल, विधायक श्री कुलदीप जुनेजा ,रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष श्री सुभाष तिवारी और सभापति श्री संजय श्रीवास्तव समारोह के विशेष अतिथि थे। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के विभिन्न खेल संघो के पदाधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक श्री जी.पी.सिंह,पुलिस अधीक्षक रायपुर श्री दीपांशु काबरा सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व खिलाड़ी उपस्थित थे।

