छत्तीसगढ़ राज्य खेल महोत्सव 2010: उत्साहजनक माहौल में रायपुर जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न
स्कूल शिक्षा मंत्री और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री के हाथों विजेता खिलाड़ी पुरस्कृत
रायपुर 20 नवंबर 2010

छत्तीसगढ़ राज्य खेल महोत्सव 2010 के अन्तर्गत यहां आयोजित चार दिवसीय रायपुर जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आज उत्साहजनक माहौल में समापन हुआ। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सुश्री लता उसेण्डी ने विजेता खिलाड़ियों को पदक और नगद राशि से पुरस्कृत किए। प्रतियोगिता की हर स्पर्धा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को नगद राशि से पुरस्कृत किया गया। प्रथम स्थान पर आने वाले खिलाड़ी को ग्यारह सौ रूपए, द्वितीय को पांच सौ रूपए तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को तीन सौ रूपए की नगद राशि पुरस्कार बतौर दी गयी। सामूहिक खेलों में भी प्रथम आने वाली टीम के प्रत्येक सदस्य को ग्यारह सौ रूपए, द्वितीय टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को पांच सौ रूपए और तृतीय विजेता टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को तीन सौ रूपए के पुरस्कार दिए गए। सभी विजेता खिलाड़ियों को कुल साढ़े नौ लाख रूपए के नगद पुरस्कार प्रदान किए गए। स्थानीय विवेकानंद सरोवर (बूढ़ातालाब) के समीप नवनिर्मित आउटडोर स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में रायपुर जिले के लगभग साढ़े तीन हजार खिलाड़ी 32 विभिन्न खेल मुकाबलों में शामिल हुए। प्रतियोगिता में कसडोल विकासखण्ड को आलओवर चैम्पियनशिप का खिताब मिला। बिलाईगढ़ विकासखंड दूसरे स्थान पर रहा।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने मुख्यअतिथि की आसंदी से समापन समारोह को संबोधित करते हुए प्रतियोगिता में आए ऐसे सभी खिलाड़ियों जिनके पास जूते नहीं थे, उन्हें कपड़े के जूते तत्काल उपलब्ध कराने की घोषणा की। श्री अग्रवाल ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी और कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मंशा के अनुरूप प्रदेश में खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। अगले माह आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय खेल महोत्सव में जिला स्तर पर हुईं प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि खेल प्रतियोगिता में किसी की जीत होती है तो किसी की हार। जीत और हार से ज्यादा महत्वपूर्ण बात होती है प्रतियोगिता में शामिल होना। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि रायपुर जिले के खिलाड़ी भविष्य में होने वाली प्रतियोगिताआें में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री सुश्री लता उसेण्डी ने कहा कि किसी भी खेल प्रतियोगिता में जीतने वाले की जय तो होती है, इसके साथ ही हारने के बाद प्रतियोगिता से सीख लेकर नए उत्साह और जोश के साथ दूसरी प्रतियोगिता में भाग लेकर मंजिल पाने वाले खिलाड़ी की भी सभी प्रशंसा करते हैं। सुश्री उसेण्डी ने कहा कि राज्य बनने के बाद बीते दस वर्ष छत्तीसगढ़ खेल जगत के लिए उपलब्धियों से भरा हुआ है। प्रदेश के अनेक खिलाड़ियों ने अपने अथक परिश्रम से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए हुए कार्यों के कारण आज पूरे प्रदेश में खेल के प्रति उत्साहजनक वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा खेलों के विकास के लिए किए गए प्रयासों के बावजूद अभी भी खेल के क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। राज्य सरकार और समाज मिलकर इस दिशा में काम करेंगे तो प्रदेश के खिलाड़ियों को और अधिक प्रोत्साहन मिलेगा और खेल के क्षेत्र में नया इतिहास बनेगा।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव श्री सुब्रत साहू, संचालक श्री जी.पी. सिंह सहित विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी और खिलाड़ी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। समापन समारोह में रायपुर के शासकीय जे.आर.दानी कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। पुरस्कार वितरण के पहले खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट किया।

