खेल मंत्री सुश्री लता उसेण्डी ने किया 'एसोसिएट मेम्बर्स टूर्नामेन्ट' का शुभारंभ
सात राज्यों के बीच होगा टूर्नामेन्ट
रायपुर, 01 दिसम्बर 2010
खेल और युवा कल्याण मंत्री सुश्री लता उसेण्डी ने आज सुबह राजधानी रायपुर के नजदीक ग्राम परसदा स्थित अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित 'एसोसिएट मेम्बर्स टूर्नामेन्ट' के उद्धाटन मैच का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने टूर्नामेन्ट के प्रतिभागी दल के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी और उन्हें अच्छा खेल प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ( बीसीसीआई ) की इकाई छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ द्वारा छत्तीसढ़ में आयाेंजित 'एसोसिएट मेम्बर्स टूर्नामेन्ट' के अंतर्गत राजधानी रायपुर सहित राजनांदगांव और भिलाईं में सात राज्यों से आए क्रिकेट दलों के बीच कुल दस मैचों का आयोजन किया जा रहा है। सात राज्यों से आए इन क्रिकेट दलों को दो समूहों में बांटा गया है। पहले समूह 'गु्रप ए' में मेघालय, छत्तीसगढ़, अरूणाचल प्रदेश और मणिपुर तथा 'ग्रुप बी' में बिहार, सिक्किम और नागालैण्ड शामिल हैं। टूर्नामेन्ट 22 वर्ष आयु वर्ग तक के खिलाड़ियों के लिए आयोजित है। टूर्नामेन्ट के अंतर्गत आज अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम परसदा में छत्तीसगढ़ और मेघालय की टीम के बीच उद्धाटन मैच खेला गया। इसी तरह टूर्नामेन्ट के पहले दिन आज राजनांदगांव में बिहार और सिक्किम तथा बी.एस.पी भिलाई में अरूणाचल प्रदेश और मणिपुर के बीच मैच खेला गया टूर्नामेन्ट के अंतर्गत तीन दिसम्बर को अरूणाचल प्रदेश और छत्तीसगढ़ के बीच राजनांदगांव में बिहार और नागालैण्ड के बीच तथा भिलाई में मेघालय और मणिपुर के बीच मैच खेला जाएगा।
इसी प्रकार पांच दिसम्बर को रायपुर में मेघालय और अरूणाचल प्रदेश, राजनांदगांव में मणिपुर और छत्तीसगढ़ के बीच तथा भिलाई में सिक्किम और नागालैण्ड के बीच मैच होगा। अंतिम मैच गु्रप ए और गु्रप बी के शीर्षस्थ दलों के बीच सात दिसम्बर को अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रायपुर में खेला जाएगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष श्री बलदेव सिंह भाटिया, सचिव श्री राजेश दवे , उपाध्यक्ष श्री अवधेश गुप्ता, सह सचिव श्री एच.पी. सिंह और कोषाध्यक्ष श्री विजय शाह सहित अम्पायर, रैफरी और खेल प्रेमी उपस्थित थे।

