छत्तीसगढ़ में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस-श्रीमती सुषमा स्वराज करेंगी महिला महोत्सव का शुभारंभ
तैयारियां अंतिम चरण में
रायपुर, 04 मार्च 2010
अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस आठ मार्च के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय महिला महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण की ओर है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा के तत्वाधान में इस महोत्सव का शुभारंभ समारोह आगामी सात मार्च को राजधानी रायपुर स्थित शासकीय विज्ञान महाविद्यालय के मैदान में लोकसभा के प्रतिपक्ष की नेता श्रीमती सुषमा स्वराज के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित शुभारंभ समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक, सांसद रायपुर श्री रमेश बैस, सांसद दुर्ग सुश्री सरोज पाण्डेय, सांसद जांजगीर श्रीमती कमला पाटले, लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल, पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री रामविचार नेताम, नगरीय प्रशासन मंत्री श्री राजेश मूणत, महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री लता उसेण्डी, नेता प्रतिपक्ष श्री रविन्द्र चौबे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा और नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती किरणमई नायक विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में लगभग एक लाख महिलाओं के आने की संभावना है।
महोत्सव की तैयारियो के संबंध में विभाग के सचिव श्री एस.के.बेहार ने आज यहां संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग में अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में श्री बेहार ने महोत्सव स्थल पर बैठक व्यवस्था, मंच व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, स्टॉल व्यवस्था आदि के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
बैठक में जानकारी दी गई कि दो दिवसीय महिला महोत्सव के दौरान हाथकरघा, हस्तशिल्प आदर्श आंगनबाड़ी केन्द्र का प्रतिरूप, वनौषधि निर्माण, राष्ट्रीय बांस मिशन, अक्षय ऊर्जा एवं बायो फ्यूल, नि:शक्त बच्चों तथा महिला स्व-सहायता समूहों के द्वारा बनाए गए उत्पाद तथा रेडी-टू-ईट के निर्माण की प्रक्रिया की जीवंत प्रदर्शनी सहित विभिन्न विभागों की आकर्षक और उपयोगी प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जहां विभिन्न उत्पादों की खरीदारी भी की जा सकती है। इसके लिए लगभग 40 स्टॉल लगाए जा चुके हैं तथा सभी विभागों को इसकी सूचना दी जा चुकी है। कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए महोत्सव स्थल पर एम्बुलेंस, फायरब्रिगेड, डॉक्टर तथा पुलिस कंट्रोल रूम के लिए भी स्थल निर्धारित कर दिया गया है।
वाहन पार्किंग व्यवस्था
महिला महोत्सव में वाहन प्रवेश के लिए विभिन्न रंगों के वाहन पास निर्धारित किए गए हैं। वाहन पास प्रदेश के सभी जिलों में जिला कार्यक्रम अधिकारियों और जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारियों के माध्यम से वितरित किए जाएंगे। वाहन पार्किंग की व्यवस्था के अन्तर्गत विधायकों, सांसदों और विशिष्ट अतिथियों के लिए नीले रंग के वाहन पास जारी किया जा रहा है। इसी तरह महिला महापौर के वाहन के लिए गुलाबी रंग का वाहन पास तथा जिला और जनपद पंचायत अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के लिए हरे रंग का पास और नगर पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के लिए पीले रंग का पास जारी किया जा रहा है। उक्त चार प्रकारों के वाहन आयुर्वेदिक कॉलेज के द्वार से प्रवेश कर सांईस कॉलेज मैदान में कार्यक्रम स्थल के पीछे इनके लिए निर्धारित स्थल पर वाहन पार्क करेंगे। जबकि दुर्ग की ओर से आने वाले सभी वाहनों की पार्किंग कोटा स्टेडियम में की जाएगी। शहर की ओर से सांईस कॉलेज प्रवेश करने वाले अन्य वाहनों की पार्किंग व्यवस्था इंजीनियरिंग कॉलेज मैदान में रहेगी।

