महासमुन्द पहुंचा राज्य महिला आयोग का रथ
महिलाओं को जागरूक करने दी जा रही है अनेक जानकारियां
रायपुर 27 अप्रैल 2010
राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विभा राव ने कल सोमवार को छत्तीसगढ़ के महासमुन्द जिले में चलो गांव की ओर नाम से निकली रथ यात्रा के दौरान ग्राम बेमचा में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण् विशेषकर महिलाओं को ससम्मान जीवन जीने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने को प्रेरित किया। उल्लेखनीय है कि घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न और महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता लाने के लिए विगत 16 फरवरी से विभिन्न चरणों में राज्य महिला आयोग द्वारा रथ यात्रा निकाली गई है। चतुर्थ चरण में रथ ने कल महासमुंद जिले की यात्रा की।
इस मौके पर श्रीमती विभा राव ने घरेलू हिंसा, यौन उत्पीड़न और दहेज प्रताड़ना के प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने बालिका शिक्षा तथा समान लिंगानुपात पर भी जोर दिया। कार्यक्रम में प्रोजेक्टर के माध्यम से बीस मिनट का स्लाइड प्रदर्शित किया गया, जिसमें महिला प्रताड़ना के विरूद्व राज्य महिला आयोग की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा महिला जागरूकता से संबंधित पाम्पलेट और ब्रोशर बांटे गये। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण ढ़ीढ़ी, जनपद अध्यक्ष श्रीमती रश्मि चन्द्राकर, सदस्य सचिव राज्य महिला आयोग श्री बी.पी.एस. नेताम, सरपंच श्रीमती मानकी चन्द्राकर, अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।

