राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन राजनांदगांव में 7 जनवरी से
क्रिकेट और बास्केटबॉल की स्पर्धाएं होंगी आयोजित
छत्तीसगढ़ के जिला मुख्यालय राजनांदगांव में 56वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन आगामी 7 जनवरी से 11 जनवरी तक किया जा रहा है। इस क्रीड़ा प्रतियोगिता में क्रिकेट 19 वर्ष बालिका और बास्केटबॉल 19 वर्ष बालक-बालिका वर्ग की स्पर्धाएं आयोजित होंगी। क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्धाटन समारोह 7 जनवरी को प्रात: 10 बजे दिग्विजय स्टेडियम में होगा। इसमें देश के विभिन्न राज्यों के लगभग एक हजार से अधिक खिलाड़ी और खेल प्रशिक्षक हिस्सा लेंगे। क्रिकेट की स्पर्धाएं दिग्विजय स्टेडियम, नगर निगम उ. मा. विद्यालय, शासकीय बहुउद्देशीय उ. मा. विद्यालय और युगांतर पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में आयोजित होंगी, जबकि बास्केटबॉल की प्रतिस्पर्धाएं दिग्विजय स्टेडियम स्थित सांई मैदान पर आयोजित होंगी। प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई है। कलेक्टर श्री सिद्वार्थ कोमल परदेशी के नेतृत्व में प्रतियोगिता के सफल आयोजन हेतु विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन समारोह 11 जनवरी को अपरान्ह 3 बजे दिग्विजय स्टेडियम में संपन्न होगा।

