राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न
रायपुर, 23 मार्च 2011
छत्तीसगढ़ में वर्ष 2013-14 में होने वाले राष्ट्रीय खेल आयोजित करने के लिए प्रशासन स्तर पर तैयारियां प्रारंभ की जा रही हैं। इस सिलसिले में आज यहां मंत्रालय में मुख्य सचिव श्री पी. जॉय उम्मेन
की अध्यक्षता में आज यहां राष्ट्रीय खेल आयोजन समिति की कार्यकारिणी समिति की प्रथम बैठक संपन्न हुई। बैठक में बताया गया कि रायपुर, नया रायपुर, दुर्ग-भिलाई, राजनांदगांव, धमतरी में राष्ट्रीय खेल प्रस्तावित हैं। इन शहरों में मौजूद खेल अधोसंरचनाओं के अधिकतम उपयोग करने पर सहमति व्यक्त की गई। समिति ने खेल आयोजन के संबंध में विस्तृत प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने के लिए सलाहकार नियुक्त करने के संबंध में सहमति व्यक्त की। सलाहकार नियुक्त करने के लिए खेल विभाग द्वारा निविदा आमंत्रित की जाएगी। मुख्य सचिव ने कहा कि खेल अधोसंरचना विकास के साथ-साथ हमे राज्य के खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करना होगा जिससे राज्य को अधिक से अधिक मेडल प्राप्त हो सकें। बैठक में राष्ट्रीय खेल आयोजित करने के लिए तकनीकी समिति बनाने पर भी सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के सचिव श्री बलदेव सिंह भाटिया, प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री एम. के. राऊत, सचिव खेल एवं युवा कल्याण श्री सुब्रत साहू, संचालक खेल श्री जी.पी. सिंह, भारतीय खेल प्राधिकरण के प्रतिनिधि श्री आर.के. नायडू सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

