पंचायत युवा क्रीड़ा और खेल अभियान : राज्य के 92 हजार बच्चों ने दिखाया कमाल
रायपुर, 05 अप्रैल 2011
छत्तीसगढ़ सरकार के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा 'पंचायत युवा क्रीडा और खेल अभियान' (पायका) के तहत विगत वित्तीय वर्ष 2010-11 विकासखंड स्तर से राज्य स्तर तक आयोजित ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं में प्रदेश के लगभग 92 हजार बच्चों ने भाग लिया। इस अभियान के तहत योजना के तहत 16 वर्ष से कम आयु के बालक-बालिकाओं के लिए फुटबॉल, व्हालीबॉल, तीरंदाजी, कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, हॉकी, वेटलिफ्ंटिग और कुश्ती की प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। उल्लेखनीय है कि ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में भागीदारी का अवसर प्रदान करने के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पंचायत युवा क्रीड़ा एवं खेल अभियान के तहत ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है।
खेल और युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि 'पायका' योजना के अंतर्गत विगत वर्ष अक्टूबर 2010 में विकासखंड और जिला स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर लगभग 72 हजार बच्चों और जिला स्तर पर लगभग 17 हजार बच्चों ने हिस्सा लिया, जबकि राज्य स्तरीय ग्रामीण (पायका) प्रतियोगिता में प्रदेश के दो हजार 677 बच्चों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लिया। उन्होंने बताया कि 22 दिसम्बर से 23 दिसम्बर 2010 तक महासमुंद में आयोजित कबड्डी, खो-खो, कुश्ती प्रतियोगिता में 910 बच्चों ने भाग लिया। इसी प्रकार पांच से छह जनवरी 2011 को पेण्ड्रा-बिलासपुर में आयोजित हेण्डबॉल और हॉकी प्रतियोगिता में 442 बच्चों, जगदलपुर में नौ से दस जनवरी 2011 तक आयोजित एथलेटिक, व्हालीबॉल और आरचरी प्रतियोगिता में 805 बच्चों तथा कबीरधाम में 15 से 17 जनवरी 2011 तक आयोजित फुटबॉल और भारोत्तोलन प्रतियोगिता में 520 बच्चों ने भाग लिया।

