राष्ट्रीय खेल के लिए प्रदेश में होगा सर्वश्रेष्ठ अधोसंरचना का निर्माण : सुश्री उसेण्डी
छत्तीसगढ़ में 37 वें राष्ट्रीय खेल सचिवालय के लिए 57 पद स्वीकृत
खेल और युवा कल्याण मंत्री सुश्री लता उसेंडी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में 37 वें राष्ट्रीय खेल सचिवालय के लिए प्रशासकीय और तकनीकी के 57 पद स्वीकृत करने की सहमति वित्त विभाग द्वारा व्यक्त की गई है। इससे प्रदेश में आयोजित होने वाले आगामी 37 वें राष्ट्रीय खेल के लिए अधोसंरचना के निर्माण को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की मंशा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में होने वाले राष्ट्रीय खेल के लिए सर्वश्रेष्ठ खेल अधोसंरचना का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बहुत शीघ्र ही राष्ट्रीय खेल के अधोसंरचना के निर्माण के लिए काम शुरू हो जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा यहां मंत्रालय से 37 वें राष्ट्रीय खेल के लिए स्वीकृत सेट-अप के संबंध में संचालक खेल और युवा कल्याण रायपुर को परिपत्र जारी कर दिया गया है। जारी परिपत्र में कहा गया है कि वित्त विभाग द्वारा प्रदेश में 37 वें राष्ट्रीय खेल सचिवालय के लिए प्रशासकीय एवं तकनीकी के 57 पद की संरचना स्वीकृत करने की सहमति व्यक्त की गई है। ये पद अस्थाई होंगे तथा प्रथमत: 29 फरवरी 2012 तक के लिए निर्मित होंगे। परिपत्र के अनुसार प्रशासकीय सेटअप के अंतर्गत खेल सचिवालय में सचिव के लिए एक पद स्वीकृत की गई है। इसी प्रकार मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक मुख्य कार्यपालन अधिकारी, प्रशासकीय अधिकारी और वित्त अधिकारी के एक-एक पद स्वीकृत है। जबकि स्टेनो के तीन पद, खेल प्रशिक्षक के दस पद, कार्यालय अधीक्षक का एक पद, सहायक ग्रेड-दो और कम्प्यूटर ऑपरेटर के दो-दो पद, सहायक ग्रेड-तीन के पांच पद तथा भृत्य के 8 पद स्वीकृत किए गए हैं।
परिपत्र के अनुसार तकनीकी सेटअप के अंतर्गत मुख्य अभियंता के लिए एक पद, कार्यपालन अभियंता (सि.) के दो पद, एस.डी.ओ. (सि.) के लिए एक पद, एस.डी.ओ. (इले.) और उपअभियंता (सि.) के चार-चार पद, उपअभियंता (इले.), स्टेनो और सहायक ग्रेड-दो के एक-एक पद, सहायक ग्रेड-तीन के दो पद तथा टाइम कीपर के छह पद स्वीकृत किए गए है।

