छत्तीसगढ़ में आज मनाया जाएगा धूम्रपान निषेध दिवस
सभी जिलों में होंगे विशेष कार्यक्रम
रायपुर 30 मई, 2011
तम्बाकू सेवन से होने वाले नुकसान की जानकारी देने और जनता को जागरूक बनाने के लिए कल 31 मई को छत्तीसगढ़ में भी अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस मनाया जाएगा। इस मौके पर राज्य के सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य सरकार के पंचायत एवं समाज सेवा संचालनालय द्वारा 31 मई को अन्तर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर नशा विरोधी कार्यक्रमों के आयोजनों के लिए प्रदेश के सभी कलेक्टरों को परिपत्र जारी किए जा चुके है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से धूम्रपान और नशा के दुष्परिणामों के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि तम्बाकू या तम्बाकू से निर्मित उत्पादों के सेवन से सभी वर्गों में गंभीर व्याधियां दिखाई दे रही हैं जो सभी के लिए चिन्ता का विषय है। धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर धूम्रपान और नशापान के विरूध्द व्यापक जन चेतना विकसित करने के लिए राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ ही जन सामान्य, समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों, स्वैच्छिक संस्थाओं, प्रतिष्ठित नागरिकों तथा जन प्रतिनिधियों आदि के सहयोग से नशामुक्ति रैली, नुक्कड़ सभाएं, नशामुक्ति प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कराएं जाएंगे।

