संस्कृति विभाग का चार दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम
26 जून को नाटक 'कोमल गांधार' का होगा मंचन
रायपुर 25 जून 2010
राज्य शासन के संस्कृति विभाग द्वारा राजधानी रायपुर में शनिवार 26 जून से 29 जून तक चार दिवसीय विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में प्रवेश नि:शुल्क रहेगा। संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने आज यहां बताया कि शनिवार 26 जून को 'सफर मुक्ताकाश' के तहत मेडिकल कॉलेज रायपुर के सभागार में नाटक 'कोमल गांधार' का मंचन किया जाएगा। 27 जून को रंग मंदिर रायपुर में 'लोकरंग' के कलाकारों की प्रस्तुति होगी। इसी प्रकार 28 और 29 जून को दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र नागपुर के सहयोग से शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य पर केन्द्रित कार्यक्रम 'साधना महोत्सव' का आयोजन किया जा रहा है। दोनों दिन के कार्यक्रम रंग मंदिर रायपुर में शाम सात बजे शुरू होंगे। साधना महोत्सव में 28 जून को सुश्री आरोही ए. आगरकर नागपुर का गायन श्री किरण कुमार बामहरे नागपुर का वायलिन वादन और सुश्री पूर्वी भावे मुम्बई का भारतनाटयम होगा। इसी कार्यक्रम में 29 जून को अश्विनी मोरघोड़े द्वारा गायन श्री अविनाश धर्मराज भोगिल द्वारा पखावज वादन और सुश्री कृष्णा सी. नायर द्वारा मोहनी अट्टम नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

