लोक निर्माण मंत्री ने ली अधिकारियों की बैठक
रायपुर, एक अप्रैल 2011

लोक निर्माण मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने आज यहां मंत्रालय स्थित अपने कक्ष में प्रदेश के बिलासपुर संभाग के अन्तर्गत बनाए जा रहे प्रमुख बड़े सार्वजनिक भवनों की प्रगति समीक्षा की और अधिकारियों को निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव लोक निर्माण विभाग श्री एम.के. राउत, प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग श्री पी.के जनवदे सहित लोक निर्माण विभाग के बिलासपुर संभाग के वरिष्ठ अधिकारी और इन भवनों के निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
श्री अग्रवाल ने बिलासपुर में हाई कोर्ट के मुख्य भवन के निर्माण पर संतोष व्यक्त किया और हाई कोर्ट परिसर में निर्माणाधीन आवास गृहों को वर्ष 2012 के अन्त तक अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने रायगढ़ के मेडिकल कॉलेज भवन की सम्पूर्ण ड्राइंग-डिजाईन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से प्राप्त कर निर्माण कार्य तेज गति से करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। श्री अग्रवाल ने बिलासपुर में निर्माणाधीन भव्य खेल प्रशिक्षण संस्थान की प्रगति की जानकारी भी अधिकारियों से ली।

