गणतंत्र दिवस पर सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
रायपुर, 25 जनवरी 2011
संस्कृति विभाग द्वारा गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2011 के अवसर पर राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज सभागार में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम सात बजे शुरू होगा। सांस्कृतिक संध्या में अम्बिकापुर के प्रसिध्द शहनाई वादक श्री अताउल्ला खान द्वारा शहनाई वादन, इंदिराकला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के छात्र-छात्राओं द्वारा समूह गीत तथा फिल्मी गायक श्री विनोद राठौड़ द्वारा अपने साथियों के साथ देश भक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
महामहिम राज्यपाल श्री शेखर दत्त सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। विधानसभा अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक तथा संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि होंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की विशेष उपस्थिति इस कार्यक्रम में रहेगी। रायपुर नगर निगम की महापौर श्रीमती किरणमयी नायक सहित अन्य जनप्रतिनिधि भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

