गरिमा के अनुरूप होगा मां महामाया की तीर्थ नगरी का विकास
मास्टर प्लान का प्रारूप तैयार : जनप्रतिनिधियों से सुझाव आमंत्रित
रायपुर 01 मई 2010
छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक नगरी रतनपुर के समग्र विकास के लिए मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के निर्देश पर बिलासपुर जिला प्रशासन द्वारा एक विशेष कार्य योजना के रूप में मास्टर प्लान का प्रारूप तैयार किया गया है। मां महामाया की इस तीर्थ नगरी को उनकी गरिमा के अनुरूप विकसित करना इसका मुख्य उद्देश्य है। मास्टर प्लान का प्रारूप आगामी वर्ष 2031 तक की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इस प्रस्तावित प्रारूप पर सिलसिले में रतनपुर नगर विकास योजना समिति की बैठक वहां नगर पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित की गयी। बैठक में कलेक्टर श्री सोनमणि बोरा ने इस प्रस्तावित मास्टर प्लान के बारे में जनप्रतिनिधियों से सुझाव देने का अनुरोध किया। कोटा क्षेत्र की विधायक डॉ. (श्रीमती) रेणु जोगी, अध्यक्ष नगर पंचायत रतनपुर श्री घनश्याम रात्रे और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में उपस्थित थे।
बैठक में अधिकारियों ने बताया गया कि बढ़ती हुई आबादी को ध्यान में रखकर शहर के योजनाबध्द विकास की जरूरत है। इसके लिए प्रस्तावित मास्टर प्लान में नगर तथा ग्राम निवेश संचालनालय द्वारा रतनपुर निवेश क्षेत्र में कुल बारह गांव शामिल किए गए हैं, जिनमें रतनपुर सहित भैंसाझार, पोंड़ी, चपोरा, खैरा, घासीपुर, जंजीराडीह, रानीगांव, हरदैयाडीह, कलमीटार और सिलदहा शामिल हैं। इन गांवों की वर्ष 2001 की स्थिति में जनसंख्या लगभग 31 हजार 518 है। रतनपुर नगर विकास की प्रस्तावित योजना में इन गांवों के छह हजार 731 हेक्टेयर के रकबे को शामिल करते हुए इसमें से एक हजार 473 हेक्टेयर का उपयोग आवासीय, वाणिज्यिक, औद्योगिक, सार्वजनिक तथा अर्ध्दसार्वजनिक सेवाआे के लिए करने का प्रस्ताव है।
अधिकारियों ने बैठक में बताया कि रतनपुर के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए प्रस्तावित मास्टर प्लान में वहां महामाया मंदिर, भैरव बाबा मंदिर तथा रामटेकरी परिसर सहित अन्य महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों और तालाबों के सौदर्यीकरण की भी योजना है। इसके अलावा रामटेकरी से खूंटाघाट तक रोप-वे निर्माण, दस हेक्टेयर में गोकुल धाम तथा बीस-बीस हेक्टेयर में पशु बाजार और साप्ताहिक बाजार आदि निर्माण का भी प्रस्ताव है। मास्टर प्लान में दस हेक्टेयर के रकबे में बस स्टैंड, 45 हेक्टेयर में ट्रांसपोर्ट नगर, 45 हेक्टेयर में संग्रहालय (मिनी चिड़िया घर) और 40 हेक्टेयर में एक मेला ग्राउण्ड, बनाने की भी योजना शामिल की गयी है। इसके साथ ही वहां स्टेडियम और उद्यान निर्माण का भी प्रस्ताव है। रतनपुर की वर्तमान सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी प्रस्तावित मास्टर प्लान में शामिल किया गया है। ठोस कचरे के निपटान के लिए 30 हेक्टेयर भूमि आरक्षित करने का प्रस्ताव है।

