कत्थक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति : नन्हीं बालिकाओं ने लुभाया सबको
रायपुर 20 मई 2010

खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण विभाग के मंत्री श्री पुन्नूलाल मोहले ने आज रात यहां महंत घासीदास संग्रहालय परिसर में राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ की नन्हीं बालिकाओं के कत्थक नृत्य प्रदर्शन के रंगारंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया। राज्य की प्रसिध्द कत्थक नृत्यांगना सुश्री वासंती वैष्णव और उनके सहयोगी कलाकारों द्वारा इन बालिकाओं को विगत एक मई से इस संग्रहालय परिसर में संस्कृति विभाग के कार्यक्रम 'आकार-2010' के तहत आयोजित कत्थक प्रशिक्षण शिविर में इस शास्त्रीय नृत्य का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा था। आज इस प्रशिक्षण शिविर का समापन हुआ। इस मौके पर इन बालिकाओं के आकर्षक नृत्य प्रदर्शन ने सबको खूब लुभाया। मुख्य अतिथि की आसंदी से श्री पुन्नूलाल मोहले ने इस आयोजन की प्रशंसा करते हुए नन्हीं बालिकाओं को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कत्थक प्रशिक्षिका सुश्री वासंती वैष्णव और उनके सहयोगी कला गुरू पंडित सुनील वैष्णव तथा अन्य सभी सहयोगी प्रशिक्षकों को भी बधाई और शुभकामनाएं दी। संस्कृति संचालनालय के आयुक्त श्री राजीव श्रीवास्तव सहित राजधानी के अनेक संगीतज्ञ और कलाकार तथा बड़ी संख्या में कला प्रेमी नागरिक इस अवसर पर उपस्थित थे।

