परिवहन चौकियों और उड़नदस्तों ने वसूला 5.27 करोड़ रूपए का जुर्माना
दिसंबर माह में 35 हजार से अधिक वाहनों का चालान
रायपुर, 15 जनवरी 2011
छत्तीसगढ़ में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाकर ऐसे वाहनों से जुर्माना वसूला जा रहा है। प्रदेश की सभी परिवहन जांच चौकियों और उड़नदस्तों के द्वारा दिसंबर 2010 तक नियमों का उल्लंघन करने वाले 35 हजार 518 वाहनों का चालान कर 5 करोड़ 27 लाख रूपए का जुर्माना वसूल किया गया है। यह जानकारी कल शुक्रवार को यहां अतिरिक्त परिवहन आयुक्त श्री बी.एस मरावी की अध्यक्षता में आयोजित परिवहन जांच चाकियों एवं उड़नदस्ता प्रभारियों की मासिक समीक्षा बैठक में दी गयी।
बैठक में श्री मरावी ने सघन यातायात जांच कर बिना परमिट अवैध रूप से संचालित सभी वाहनों पर कठोर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होने ओवर लोड वाहनों पर भी नियमित रूप से कार्यवाही करने को कहा। बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गो पर बिना हेल्मेट पहने वाहन चलाने वाले 333 दोपहिया वाहन चालकों से जुर्माने के रूप में 78 हजार रूपए वसूल किए गए है। बैठक में संयुक्त परिवहन आयुक्त श्री संजय सिंह, सहायक परिवहन आयुक्त श्री बी.एल. ध्रुव सहित परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

