पंजाब के मुख्यमंत्री को भी पंसद आया बस्तर का हस्तशिल्प
रायपुर 26 जून 2011
पंजाब के मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल ने कल रात यहां पंडरी स्थित छत्तीसगढ़ हाट में लगे शिल्पकारों के मंडप में छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल के परम्परागत हस्तशिल्पियों की कलाकृतियों का अवलोकन किया।
छत्तीसगढ़ के आदिम जाति एवं अनुसूचित विकास मंत्री श्री केदार कश्यप ने श्री बादल को बस्तर के हस्तशिल्पियों द्वारा निर्मित काष्ठ शिल्प और बेलमेटल की कलाकृतियों की विभिन्न विशेषताओं के बारे में बताया। उन्होंने श्री बादल को बस्तर आर्ट के प्रसिध्द बेलमेटल की कलाकृतियां भेंट कर शुभकामनाएं दी। पंजाब के मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ हाट में प्रदर्शित बस्तर के शिल्पकारों की कलाकृतियों की काफी प्रशंसा की। श्री केदार कश्यप ने उन्हें बस्तर की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक स्थिति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने श्री बादल को बताया कि परम्परागत कला-संस्कृति की दृष्टि से छत्तीसगढ़ का बस्तर अंचल काफी समृध्द है। वहां की शिल्प-कला को देश-विदेश में पहचान मिली है। बस्तर क्षेत्र खनिज और वन सपंदा से परिपूर्ण है। श्री कश्यप ने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ की सरकार अनुसूचित जनजातियों के हित में विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। रोजगार के साधन मुहैय्या कराया गया है। अनुसूचित जाति और जनजातियों को पायलट प्रशिक्षण और एयर होस्टेज का भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
क्रमांक-1407/सी.एल.

